फिरौती की रकम नहीं देने पर गोली मारने की दी धमकी
Jind News (आज समाज) जींद: हरियाणा के जींद में एक प्राइवेट अस्पताल चलाने वाली महिला डॉक्टर से 20 लाख रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। फिरौती की रकम नहीं देने पर महिला को गोली मारने की धमकी दी गई है। महिला डॉक्टर ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिविल अस्पताल से रिटायरमेंट लेने के बाद खोला खुद का अस्पताल
पुलिस को दी शिकायत में मुस्कान अस्पताल की संचालिका डॉ. मोनिका पूनिया ने बताया कि मेरा सेक्टर 7-8 के डिवाइडिंग रोड पर सिविल लाइन थाना के सामने ही अस्पताल है। सिविल अस्पताल में डॉक्टर की नौकरी के बाद मैंने अपना खुद का अस्पताल खोला हुआ है।
एसपी को मिलकर दी मामले की शिकायत
डॉक्टर ने आगे कहा कि मैंने फोन उठाया तो सामने वाले व्यक्ति ने धमकी देते हुए कहा कि 20 लाख रुपए का इंतजाम कर लो, नहीं तो गोली मार दूंगा। इससे मैं घबरा गई और मैंने तुरंत अपने पति को इसके बारे में बताया। इसके बाद परिवार के लोग एसपी कुलदीप सिंह से मिले और मामले की शिकायत दी।
नंबर की निकलवाई जा रही डिटेल
सिविल लाइन पुलिस के जांच अधिकारी कुलवंत सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला डॉक्टर को मोबाइल पर सीधा फोन किया गया था। जिस नंबर से फोन आया है, उसकी डिटेल निकलवाई जा रही है।
ये भी पढ़ें : इनेलो विधायक ने पंजाब के सीएम को लेकर दिया विवादित बयान, भगवंत मान को बताया पियक्कड़ कौआ