40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: मौसम विभाग ने आज हरियाणा के 14 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। जिन जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। उनमें पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, करनाल, कैथल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल शामिल है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने 19 जून तक प्रदेश में बारिश होने का अनुमान जताया है। 19 से हरियाणा में प्री-मानसूनी हवाएं एक्टिव हो जाएंगी।
इससे पहले मंगलवार को 14 जिलों में बारिश देखने को मिली। हिसार में सबसे ज्यादा 92.8 मिलीमीटर बारिश तो वहीं रेवाड़ी में 74.5 एमएम, महेंद्रगढ़ में 43.8 एमएम, मेवात में 30 एमएम, गुरुग्राम में 26.7 एमएम और भिवानी में 24.0 एमएम बारिश दर्ज की गई।
20 जून के बाद कभी प्रदेश में हो सकती है मानसून की एंट्री
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के मुताबिक 20 जून के बाद कभी भी प्रदेश में मानसून की एंट्री हो सकती है। हालांकि हरियाणा में मानसून 29 जून को एंट्री करता है, मगर संभावना है कि मानसून 4 से 5 दिन पहले एंट्री कर सकता है।
कल इन जिलों में होगी बारिश
कल 19 जून को अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में 75 से 100 प्रतिशत तक बारिश की संभावना बन रही है। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, जींद, रोहतक, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, मेवात और गुरुग्राम में 25 प्रतिशत तक बारिश के चांस हैं। इसके अलावा पलवल, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कैथल और कुरुक्षेत्र में 25 से 50 प्रतिशत तक बारिश की संभावना है।