Russia-Ukraine War Update : रूस से तनाव के बीच ट्रंप से मिलने पहुंचे जेलेंस्की

0
276
Russia-Ukraine War Update : रूस से तनाव के बीच ट्रंप से मिलने पहुंचे जेलेंस्की
Russia-Ukraine War Update : रूस से तनाव के बीच ट्रंप से मिलने पहुंचे जेलेंस्की

Russia-Ukraine War Update : अमेरिका और यूक्रेन के राष्ट्रपति की अहम बैठक कल, रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध पर आ सकता है बड़ा बयान

Russia-Ukraine War Update (आज समाज), नई दिल्ली : रूस और यूक्रेन के बीच पिछले कई साल से चल रहा युद्ध खत्म होने की संभावना बनने लगी है। हालांकि दोनों देश अमेरिका और यूरोप के अन्य देशों के प्रयासों के चलते शांति वार्ता की तरफ अग्रसर है लेकिन दोनों के बीच एक दूसरे पर हमले भी जारी हैं। इसी सबके बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की रविवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फ्लोरिडा में मुलाकात करने जा रहे हैं। इस बैठक को शांति वार्ता की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

जेलेंस्की ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस मुलाकात का मकसद युद्ध समाधान से जुड़े लंबित मुद्दों को आगे बढ़ाना है, हालांकि उन्होंने साफ किया कि किसी अंतिम समझौते की उम्मीद फिलहाल नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बातचीत में जितने अधिक मुद्दों पर सहमति बन सकेगी, उस पर फोकस रहेगा।

20-सूत्रीय शांति योजना लगभग 90 प्रतिशत पूरी

यूक्रेनी राष्ट्रपति के अनुसार अमेरिका और यूक्रेन की ओर से तैयार की गई 20-सूत्रीय शांति योजना लगभग 90 प्रतिशत पूरी हो चुकी है। ट्रंप के साथ होने वाली चर्चा में युद्ध के बाद यूक्रेन की सुरक्षा गारंटी और उसके सहयोगी देशों की भूमिका अहम एजेंडा रहेगी। हालांकि, व्हाइट हाउस की ओर से अभी तक इस प्रस्तावित बैठक की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इसके बावजूद, जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संकेत दिए कि नए साल से पहले कुछ बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। जेलेंस्की ने लिखा हमने राष्ट्रपति ट्रंप के साथ उच्च स्तर की बैठक पर सहमति बना ली है। नए साल से पहले बहुत कुछ तय हो सकता है।

जेलेंस्की के वीडियो संदेश ने सबको चौंका दिया था

इससे पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने क्रिसमस की पूर्व संध्या पर जारी एक वीडियो संदेश में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की आलोचना करते हुए उनके मरने की कामना की थी। इस संदेश में जेलेंस्की ने बिना पुतिन का नाम लिए कहा कि आज हम सबका एक सपना है और सभी के लिए एक ही इच्छा है कि वह खत्म हो जाए। जेलेंस्की के इस बयान को रूसी राष्ट्रपति पुतिन की ओर इशारा माना जा रहा है।

उन्होंने कहा, ईश्वर से मेरी सबसे बड़ी प्रार्थना यूक्रेन में शांति की है। यूक्रेन शांति के लिए लड़ रहा है, प्रार्थना कर रहा है और उसका हकदार भी है। रूस यूक्रेन के दिल, आपसी विश्वास और एकता को कभी नष्ट नहीं कर सकता। आज हम सब एक ही सपना देखते हैं। हम सबकी एक ही इच्छा है। काश वह खत्म हो जाए। जैसा कि हर कोई अपने मन में कहता है। जेलेंस्की का यह बयान ऐसे समय आया है, जब रूस ने मंगलवार को यूक्रेन पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया।

ये भी पढ़ें : Weather Update Today : शीतलहर और घने कोहरे में बीतेगा यह सप्ताह

  • TAGS
  • [post_tags]