
कहा- अमेरिका ईरान पर नौसैनिक नाकेबंदी जारी रखेगा
US Iran War Ceasefire, तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी: अमेरिका ने ईरान को चेतावनी दी है कि अगर उसने पीस डील नहीं मानी, तो फिर से जंग शुरू हो सकती है। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि ईरान के पास समझौता करने का मौका है, लेकिन अगर उसने इसे ठुकराया तो अमेरिका दोबारा सैन्य कार्रवाई शुरू करेगा।
उन्होंने बताया कि अमेरिकी फोर्सेस पूरी तरह तैयार हैं और किसी भी समय कॉम्बैट आॅपरेशन शुरू कर सकती हैं। हेगसेथ ने यह भी कहा कि अमेरिकी सेना राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के आदेश का इंतजार कर रही है और निर्देश मिलते ही कार्रवाई शुरू की जा सकती है।
जब तक अमेरिका अपने रणनीतिक लक्ष्य हासिल नहीं कर लेता, कार्रवाई जारी रहेगी
हेगसेथ ने कहा है कि अमेरिका ईरान पर नौसैनिक नाकेबंदी जारी रखेगा। उन्होंने साफ किया कि यह कार्रवाई तब तक जारी रहेगी, जब तक अमेरिका अपने रणनीतिक लक्ष्य हासिल नहीं कर लेता। वहीं अमेरिकी जनरल डैन केन ने बताया कि अब तक 13 जहाज नाकाबंदी के चलते वापस लौट चुके हैं। इनमें ज्यादातर जहाज नाकाबंदी सीमा के अंदर पहुंचकर लौटे, जबकि एक पहले ही रास्ता बदल गया।
अमेरिका-ईरान शांति समझौते के करीब पहुंचे
अमेरिका और ईरान 21 अप्रैल को खत्म हो रहे सीजफायर से पहले समझौते के करीब पहुंच रहे हैं। अमेरिकी मीडिया के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच बातचीत आगे बढ़ी है, हालांकि कुछ मतभेद अब भी बाकी हैं। इस बीच तेहरान में ईरानी अधिकारियों और पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर के बीच अहम बैठक होगी। मुनीर पहले ही ईरान पहुंचकर विदेश मंत्री अब्बास अराघची से मुलाकात कर चुके हैं और वे अमेरिकी संदेश लेकर गए हैं।
इजराइल और लेबनान 10 दिन के सीजफायर पर राजी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि इजराइल और लेबनान 10 दिन के सीजफायर पर राजी हो गए हैं। यह युद्धविराम भारतीय समयानुसार गुरुवार देर रात 2:30 बजे से लागू होगा। ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बातचीत की, जिसके बाद यह सहमति बनी। उन्होंने बताया कि वह नेतन्याहू और जोसेफ औन को वॉशिंगटन में बातचीत के लिए आमंत्रित करेंगे।
इस हफ्ते वॉशिंगटन में दोनों देशों के बीच 34 साल बाद पहली बार सीधी बातचीत हुई थी, जिसमें अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी शामिल थे। ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विदेश मंत्री रुबियो और जॉइंट चीफ्स चेयरमैन जनरल डैन केन को निर्देश दिए हैं कि वे दोनों देशों के साथ मिलकर स्थायी शांति सुनिश्चित करने की दिशा में काम करें।
ये भी पढ़ें: दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, टैक्सीवे पर टकराए अकासा एयर और स्पाइसजेट के विमान

