Haryana News: चंडीगढ़ स्थित पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (PGIMER) ने देश के सर्वश्रेष्ठ मल्टीस्पेशियलिटी अस्पतालों की सूची में तीसरा स्थान हासिल किया है। THE WEEK–HANSA रिसर्च सर्वेक्षण 2026 में संस्थान को यह उपलब्धि मिली है। नई दिल्ली में रविवार को आयोजित द वीक हेल्थ समिट 2026 में PGIMER को इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया।
चिकित्सा अधीक्षक को मिला सम्मान
संस्थान की ओर से चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अशोक कुमार ने केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह से सम्मान प्राप्त किया। संस्थान की इस उपलब्धि में उन्नत चिकित्सकीय विशेषज्ञता, अत्याधुनिक तकनीक, अनुसंधान आधारित उपचार पद्धतियों और रोगी-केंद्रित सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
कई राज्यों से आते हैं मरीज
PGIMER पिछले कई दशकों से एक प्रमुख राष्ट्रीय रेफरल केंद्र के रूप में काम कर रहा है। यहां पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, चंडीगढ़ सहित देश के विभिन्न हिस्सों से मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। संस्थान में बहुविषयक चिकित्सा सेवाओं, सुपर स्पेशियलिटी विभागों और उन्नत जांच एवं उपचार सुविधाओं के माध्यम से मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में भी संस्थान की महत्वपूर्ण भूमिका है।
बुनियादी ढांचा मजबूत करने पर जोर
यह सम्मान संस्थान के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, शोधकर्ताओं, तकनीकी टीमों, स्वास्थ्यकर्मियों और प्रशासनिक कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की उपलब्धि है। PGIMER ने स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, विशिष्ट चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार करने और नई तकनीकों को अपनाने पर लगातार जोर दिया है।


