Haryana Weather Update: हरियाणा में आज रात से बदलेगा मौसम, 7 अक्टूबर तक बारिश की संभावना

0
160
Haryana Weather Update: हरियाणा में आज रात से बदलेगा मौसम, 7 अक्टूबर तक बारिश की संभावना
Haryana Weather Update: हरियाणा में आज रात से बदलेगा मौसम, 7 अक्टूबर तक बारिश की संभावना

आज रात पश्चिमी विक्षोभ देगा दस्तक
Haryana Weather Update, (आज समाज), चंडीगढ़: हरियाणा में आज रात से एक बार फिर मौसम करवट लेगा। मौसम विभाग का कहना है कि आज रात से प्रदेश में एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा, जिस कारण प्रदेश में 7 अक्टूबर तक बारिश होने की संभावना है। इन चार दिनों में तेज हवाओं व गरज-चमक के साथ बारिश होगी। मौसम विभाग का कहना है कि 5 और 6 अक्टूबर को पूरे हरियाणा और 7 अक्टूबर को अधिकांश जगहों पर बारिश होने की संभावना है।

8 अक्टूबर से बदलेगी हवा की दिशा, तापमान में आएगी गिरावट

8 अक्टूबर से हवा की दिशा बदलकर उत्तर-पश्चिम हो जाएगी। पहाड़ों से हवाएं मैदानी इलाकों की तरफ चलेगी। इससे लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। अभी हरियाणा में अधिकतम तापमान 35 डिग्री के आसपास बना हुआ है। वहीं न्यूनतम तापमान 22 डिग्री के आसपास है। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार बादल छाने से दिन के तापमान में अब कमी देखने को मिलेगी। वहीं रात के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।

मौसम में बदलाव का कारण

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव, बंगाल की खाड़ी में बने एक कम दबाव का क्षेत्र बनने और राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सकुर्लेशन बनने से नमी वाली हवाएं उत्तर पश्चिमी क्षेत्रों की तरफ आने की संभावना है। इससे हरियाणा के मौसम में 4 अक्टूबर रात्रि से बदलाव होने की संभावना है।

8 अक्टूबर को साफ होगा मौसम

इन मौसमी सिस्टमों के प्रभाव से राज्य में 5 अक्टूबर से 7 अक्टूबर के दौरान ज्यादातर क्षेत्रों में हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान कुछ एक क्षेत्रों में तेज बारिश की संभावना बन रही है।

इस दौरान दिन के तापमान में हल्की गिरावट और रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। परंतु 8 अक्टूबर दोपहर बाद से मौसम साफ हो जाने और हवाओं में फिर से बदलाव उत्तर एवं उत्तर पश्चिमी होने से तापमान में गिरावट होने की संभावना है।

ये भी पढ़ें : 6-7 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी