मौसम विभाग ने 6 जुलाई तक बारिश और आंधी का अलर्ट किया जारी
Delhi Weather News (आज समाज), नई दिल्ली : समस्त उत्तर भारत के साथ ही राजधानी दिल्ली में मानसून पूरी तरह से एक्टिव हैं। इसी का परिणाम है कि रविवार से बारिश का दौर जारी है। हालांकि अभी हल्की और मध्यम गति की बारिश हुई है। लेकिन इससे लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है। सोमवार सुबह हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी और तेज हवाएं चलीं।
इससे अधिकतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस तक गिरकर 30.6 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह से रुक-रुककर हो रही बारिश से मौसम सुहाना हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत भी मिली। दिल्ली में रविवार सुबह साढ़े आठ बजे से सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे के बीच 14 मिलीमीटर वर्षा हुई।
मौसम विभाग ने यह संभावना जताई है
मौसम विभाग ने एक से छह जुलाई तक आंधी तूफान और बारिश की चेतावनी दी है। हालांकि, येलो अलर्ट जारी नहीं किया है। सोमवार को लोग बारिश में भीगते हुए नजर आए। इंडिया गेट पर तेज बारिश के बीच पर्यटक पेड़ के नीचे छुपाते हुए भी दिखे। न्यूनतम तापमान में 3.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान जून माह का सबसे कम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिल्ली में रात आठ बजे तक कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई है।
मानसून ने धोया प्रदूषण, एक्यूआई 65 दर्ज
राजधानी के करोड़ों लोगों को मानसून ने न केवल गर्मी से राहत दिलाई है बल्कि वे साफ हवा में भी सांस ले रहे हैं। रविवार और सोमवार को हुई बारिश के बाद राजधानी में प्रदूषण का स्तर काफी ज्यादा कम दर्ज किया गया। राजधानी में रविवार को मानसून के दस्तक देते ही एक तरह से प्रदूषण साफ हो गया है।
सोमवार को साल का सबसे कम वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 65 दर्ज किया गया। यह हवा की संतोषजनक श्रेणी है। इसमें रविवार की तुलना में 18 सूचकांक की गिरावट दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) का पूवार्नुमान है कि बुधवार तक हवा संतोषजनक श्रेणी में बरकरार रहेगी। ऐसे में लोग साफ हवा में सांस लेंगे।