Panipat News: पानीपत में बारिश के कारण मकान की छत गिरी, महिला की मौत

0
82
Panipat News: पानीपत में बारिश के कारण मकान की छत गिरी, महिला की मौत
Panipat News: पानीपत में बारिश के कारण मकान की छत गिरी, महिला की मौत

पिछले 6 साल से किराए के मकान में रह रहा था दंपति
Panipat News (आज समाज) पानीपत: हरियाणा के पानीपत में आज अलसुबह बारिश के कारण एक मकान की छत गिर गई, जिस कारण कमरे में सो रहा दंपती मलबे में दब गया। इस हादसे में महिला की मौत हो गई। जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतका की पहचान 42 वर्षीय रूबी के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे और पिछले 6 साल से पानीपत के सुंदर नगर में किराए पर मकान में रह रहे थे।

मिट्टी और लकड़ी से बनी थी मकान की छत

हादसा रात करीब 3:10 बजे हुआ। तेज बारिश की वजह से मिट्टी और लकड़ी (कड़ियों) से बनी छत ढह गई। दंपती कमरे में सो रहे थे। छत गिरते ही पूरा मलबा दोनों पर आ गिरा। मकान मालिक कृष्ण कुमार के मुताबिक, वह मकान की समय-समय पर मरम्मत करवाता रहता है। लेकिन पुराना निर्माण और भारी बारिश की वजह से यह हादसा हो गया।

पड़ोसियों ने मलबा हटाकर निकाला दंपती को

छत गिरने की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत मलबा हटाना शुरू किया। सबसे पहले सुरेंद्र को मलबे से निकाला गया, जो बेहोशी की हालत में था। रूबी को करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

घर पर नहीं थे बच्चे

दंपती के चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। दो बच्चे शादीशुदा हैं। हादसे के समय चारों ही बच्चे घर पर नहीं थे। वे दो दिन पहले किसी काम से बाहर गए हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

यह भी पढ़े : आज पूरे हरियाणा में बारिश की संभावना

यह भी पढ़े : गुरुग्राम में अरावली की पहाड़ियों में झरने को देखने गए 3 युवकों की डूबने से मौत