Mahabharata Experience Centre: अनुभव केंद्र में दिखाई देगा कुरुक्षेद्ध का इतिहास, सुनाई देगा गीता का संदेश

0
58
Mahabharata Experience Centre: अनुभव केंद्र में दिखाई देगा कुरुक्षेद्ध का इतिहास, सुनाई देगा गीता का संदेश
Mahabharata Experience Centre: अनुभव केंद्र में दिखाई देगा कुरुक्षेद्ध का इतिहास, सुनाई देगा गीता का संदेश

25 को पीएम मोदी करेंगे इनोग्रेशन
Mahabharata Experience Centre, (आज समाज), कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में 18 दिनों तक चले महाभारत के ऐतिहासिक युद्ध की झलक देखने को मिलेगी। गीता का संदेश सुनाई देगा। भगवान कृष्ण के विराट रूप के दर्शन होंगे। द्वारिका नगरी के दर्शन भी होंगे। ये सब कुछ साकार होगा गीता उपदेश स्थली ज्योतिसर में बने ज्योतिसर अनुभव केंद्र में। यह अनुभव केंद्र करीब 2 एकड़ में 206 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया है।

इस अनुभव केंद्र में महाभारत का पूरा इतिहास 3डी, लेजर, लाइट एंड साउंड, इंटरेक्टिव और डिजिटल तकनीक से आपकी आंखों के सामने होता दिखाई देगा। महाभारत थीम बेस्ड इस भव्य प्रोजेक्ट का इनोग्रेशन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। पीएम मोदी 25 नवंबर को श्री गुरु तेगबहादुर के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित राष्ट्र स्तरीय कार्यक्रम में शिरकत करने कुरुक्षेत्र आज रहे है।

महाभारत गणेश जी को सुनाते दिखेंगे व्यास जी

पहला कक्ष प्रदर्शनी का प्रवेश द्वार होगा। यहां लाइटिंग से चक्र, धनुष-बाण और कमल उभर आएंगे। दूर से आने वाली शंखनाद की ध्वनि सुनाई देगी। दूसरे कक्ष में व्यास जी महाभारत गणेश जी को सुनाते दिखेंगे। बैकग्राउंड में वीणा की मधुर ध्वनि और व्यास की वॉयस ओवर होगा।

रथों की गर्जना, तीरों की बौछार और घोड़ों की टापों की ध्वनि गूंजेगी

तीसरे कक्ष में युद्ध के 18 दिनों को एक इंटर एक्टिव टाइम लाइन में दिखाया जाएगा। रथों की गर्जना, तीरों की बौछार और घोड़ों की टापों की ध्वनि गूंजेगी। कुरुक्षेत्र के मैप पर कौरव और पांडवों की सेनाएं चलती दिखेगी। जयद्रथ वध, भीष्म पतन और अभिमन्यु का चक्रव्यूह तोड़ना रोमांचित कर देगा।

भीष्म और भीम की प्रतिज्ञा के स्वर सुनाई देंगे

अगले कक्ष में कौरव और पांडवों की वंशावली मिलेगी। द्रोपदी का स्वयंवर, अर्जुन का मछली की आंख को निशाना बनाना और कर्ण की सूर्यपुत्र पहचान, द्यूत क्रीडा और द्रौपदी का चीरहरण प्रसंग भी दिखाई देंगे। भीष्म और भीम की प्रतिज्ञा के स्वर सुनाई देंगे।

श्री कृष्ण अर्जुन को देते दिखेंगे गीता का संदेश

केंद्र में भगवद्गीता के मूल श्लोक को सेटअप किया गया है। कौरव और पांडवों की सेनाओं के बीच में अर्जुन का रथ मॉडल होगा, जहां प्रोजेक्शन से कृष्ण प्रकट होंगे। शांत म्यूजिक के बीच श्री कृष्ण अपने मुखारविंद से अर्जुन को गीता का दिव्य संदेश देते दिखेंगे।

भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं को भी जाएगा दिखाया

इस कक्ष में भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं को दिखाया गया है। द्वारका नगरी का भव्य मॉडल, द्वारका का डूबना, समुद्र की लहरों की ध्वनि और कृष्ण के महिमागान के साथ दिखेगा। साथ ही भगवान अपने विराट स्वरूप में कहते सुनाई देंगे मैं सर्वत्र हूं, पर सर्वत्र मुझमें नहीं।

पांडवों की स्वर्ग यात्रा से होगा समापन

प्रदर्शनी का समापन पांडवों के स्वर्ग यात्रा से होगा। प्रत्येक सीढ़ी पर प्रोजेक्शन से युधिष्ठिर का स्वगार्रोहण दिखेगा। पांडव अपनी द्रोपदी और कुत्ते के साथ स्वर्ग जाते दिखेंगे। इससे पहले का कक्ष भगवान के दशावतार की कहानी कहेगा। मत्स्य अवतार से कल्कि अवतार को दिखाया गया है।