Delhi News : केंद्र की मदद से विकसित दिल्ली का सपना होगा साकार : सीएम

0
123
Delhi News : केंद्र की मदद से विकसित दिल्ली का सपना होगा साकार : सीएम
Delhi News : केंद्र की मदद से विकसित दिल्ली का सपना होगा साकार : सीएम

कहा, दिल्ली सरकार को मिली केंद्र से 832 करोड़ रुपए की सहायता राशि

Delhi News (आज समाज), नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में ट्रिपल इंजन की सरकार तेजी से विकास कार्य कर रही है। इसी के चलते आने वाले समय में दिल्ली को विकसित दिल्ली बनाने का उनका सपना जल्द साकार होगा। सीएम ने कहा कि यह सब केंद्र सरकार की सहायता से पूर्ण होगा। सीएम ने जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली के विकास के लिए केंद्र सरकार ने 821.26 करोड़ रुपए की विशेष सहायता राशि प्रदान की है। इस राशि का उपयोग स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल आदि जन सेवाओं से जुड़ी योजनाओं पर व्यय किया जाएगा।

एसएएससीआई योजना के तहत मिली धनराशि

इस राशि की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने राज्यों के लिए पूंजीगत निवेश के लिए विशेष सहायता योजना (एसएएससीआई) 2025-26 के अंतर्गत दिल्ली के विकास के लिए 821.26 करोड़ रुपए यह राशि मंजूर की है। केंद्र सरकार से मिली इस विशेष सहायता राशि से दिल्ली के बुनियादी ढांचे का विकास किया जाएगा। बुनियादी ढांचे का विकास होने से ही दिल्ली का सर्वांगीण विकास हो पाएगा। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि इसमें से 716.00 करोड़ रुपए की राशि पार्ट-वन के अंतर्गत 33 बहु-प्रतीक्षित बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए मंजूर की गई है, जिनमें स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, परिवहन, जल संसाधन और बिजली जैसे जन-सेवा क्षेत्रों की योजनाएं शामिल हैं।

स्वीकृत राशि का 66 प्रतिशत हिस्सा तुरंत जारी किया

सीएम ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र सरकार ने कुल स्वीकृत राशि का 66 प्रतिशत हिस्सा (प्रथम किश्त) तुरंत जारी कर दिया गया, जिससे परियोजनाओं के शीघ्र आरंभ करने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इसके अलावा 105.26 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि (पार्ट-3 के अंतर्गत) एमआरटीएस फेज-4 के प्रायोरिटी कॉरिडोर से संबंधित परियोजनाओं के लिए स्वीकृत की गई है। यह केवल एक वित्तीय स्वीकृति नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में विकसित दिल्ली के लिए एक ठोस आधार है।