Weather Update Today : ठंड ने बढ़ाई ठिठुरन, शीतलहर की चपेट में देश के अधिकतर हिस्से

0
86
Weather Update Today : ठंड ने बढ़ाई ठिठुरन, शीतलहर की चपेट में देश के अधिकतर हिस्से
Weather Update Today : ठंड ने बढ़ाई ठिठुरन, शीतलहर की चपेट में देश के अधिकतर हिस्से

पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और मैदानी राज्यों में ठंडी हवाओं का दौर जारी

Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : देश के उत्तर और पूर्व हिस्से में जबरदस्त ठंड का दौर शुरू हो चुका है। एक तरफ जहां पहाड़ों में ऊंचे स्थानों पर लगातार बर्फबारी होने से तापमान जमाव बिंदू पर बना हुआ है तो वहीं दूसरी तरफ वहां से आने वाली तेज ठंडी हवाओं ने मैदानों में ठिठुरन बढ़ा दी है। दिन और रात के तापमान में अब गिरावट आ रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान में और भी ज्यादा गिरावट आएगी और ठंड का असर बढ़ेगा।

उत्तर भारत में छाएगा कोहरा

मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तरी भारत के लगभग सभी राज्यों में आने वाले पांच दिन तक कोहरा छाएगा। इसके पीछे के कारण उत्तरी पाकिस्तान में सक्रिय हो रहा एक हल्का पश्चिमी विक्षोभ बताया जा रहा है। इन मौसमी प्रणालियों के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में ठंडक बनी हुई है।

उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम भी सक्रिय है, जिसकी हवा की गति 120 नॉट (करीब 223 किमी.) तक पहुंच रही है। यही जेट स्ट्रीम सर्दियों में पश्चिमी विक्षोभ को मजबूती देती है। मौसम विभाग के अनुसार, 17 से 20 दिसंबर के बीच उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है और रात की ठंड बढ़ेगी, जबकि दिन में धूप निकलने पर तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

हिमाचल में बर्फबारी व कोहरे का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम ने करवट ली है। लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे ठंड और बढ़ गई है। कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 5.7 डिग्री और ताबो में माइनस 2.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने 17 और 18 दिसंबर के लिए मैदानी क्षेत्रों में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

वहीं उत्तराखंड में मौसम सर्द लेकिन सूखा बना हुआ है। देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले चार से पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग ने 17 से 22 दिसंबर तक हल्के से मध्यम स्तर के कोहरे का अनुमान जताया है। वहीं 17 दिसंबर रात से हिमालय क्षेत्र में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण चार-पांच दिन आंशिक रूप से बादल छाने की भी संभावना है।