Meerut Crime News: मेरठ के आबूलेन बाजार में एक युवती के साथ सरेआम मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। आरोप है कि गाजियाबाद की रहने वाली 24 वर्षीय युवती को आबूलेन स्थित स्क्वायर होटल में रातभर जबरन कमरे में बंद करके रखा गया। मंगलवार दोपहर जब युवती किसी तरह होटल से बाहर निकलकर सड़क पर पहुंची तो आरोपी सलमान ने उसका पीछा किया और बीच बाजार में उसे पकड़कर जमीन पर गिरा दिया।
आरोपी ने युवती के बाल पकड़े, मारपीट की और जबरन वापस होटल ले जाने की कोशिश की। युवती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर जुट गए। भीड़ ने युवती को बचाया, जबकि आरोपी होटल की छत से पीछे की ओर कूदकर फरार हो गया। पुलिस ने युवती की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। होटल मैनेजर को भी पूछताछ के लिए थाने लाया गया है।
आबूलेन के स्क्वायर होटल में हुआ बवाल
यह पूरा मामला मेरठ के सदर बाजार थाना क्षेत्र के आबूलेन स्थित स्क्वायर होटल का है। मंगलवार 24 नवंबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे युवती होटल से बाहर निकलकर मदद के लिए चिल्लाने लगी। इसी दौरान सलमान उसके पीछे पहुंचा और उसे पकड़कर वापस होटल ले जाने की कोशिश करने लगा। आरोपी ने युवती को सड़क पर गिराकर उसके साथ मारपीट की और बाल पकड़कर खींचने लगा। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवती को बचाने के लिए भीड़ दिखाई दे रही है।
बताया जा रहा है कि युवती के शोर मचाने पर बाजार के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने किसी तरह युवती को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद भीड़ ने सलमान को पकड़कर उसकी पिटाई शुरू कर दी। हालांकि आरोपी वहां से बच निकला और होटल की छत पर पहुंचकर पीछे की ओर से कूदकर फरार हो गया। इस घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
दोनों की दो साल पहले हुई थी मुलाकात
पुलिस के मुताबिक गाजियाबाद की रहने वाली युवती की मुलाकात मेरठ के रोहटा रोड स्थित जैनपुर निवासी सलमान से करीब दो साल पहले हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और बाद में वे एक-दूसरे के करीब आ गए। युवती और सलमान मेरठ बाईपास स्थित एक निजी कंपनी में भी काम करते थे। बताया जाता है कि दोनों ने परतापुर के रिठानी इलाके में साझेदारी में होटल का कारोबार भी शुरू किया था, लेकिन कारोबार नहीं चलने के कारण उसे बंद करना पड़ा।
इस बीच युवती के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी। इसके बाद युवती ने सलमान से दूरी बना ली और उससे संपर्क तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि सलमान इस बात से नाराज था और युवती पर उससे शादी करने का दबाव बना रहा था। युवती के मुताबिक आरोपी उसे धमकी देता था कि अगर वह उसकी नहीं हुई तो किसी और की भी नहीं होने देगा।
सहेली से मिलने मेरठ आई थी युवती
23 नवंबर को युवती मेरठ में अपनी एक सहेली से मिलने आई थी। इसी दौरान सलमान को उसके मेरठ आने की जानकारी मिली। आरोप है कि सलमान ने युवती को अपने साथ आबूलेन स्थित स्क्वायर होटल पहुंचाया। युवती का आरोप है कि वहां उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया और बाहर जाने नहीं दिया गया। उसने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया था, ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके। बाद में फोन उसे लौटा दिया गया। उसे सोमवार से होटल में चाकू के बल पर बंधक बनाकर रखा गया था और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। मंगलवार दोपहर मौका मिलने पर वह किसी तरह होटल से बाहर निकली।


