Meerut School Bus Crash News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में बुधवार सुबह बच्चों को स्कूल ले जा रही एक बस हादसे का शिकार हो गई। स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल की बस रोहटा क्षेत्र में सड़क से उतरकर 6 फीट गहरे खेत में जा गिरी। हादसे के बाद बस में सवार बच्चों के बीच चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में मदद की और बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। इस हादसे में 12 से अधिक बच्चों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को मेरठ और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद बच्चों के परिजनों में चिंता और गुस्सा देखने को मिला।
सुबह करीब 7:30 बजे हुआ हादसा
यह हादसा बुधवार सुबह करीब करीब 7:30 बजे हुआ। स्कूली बस बच्चों को स्कूल ले जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ। बस अचानक सड़क से उतरकर छह फीट गहरे खेत में गिर गई। हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चों को बस से बाहर निकालने में मदद की। बस में फंसे बच्चों को निकालने के लिए बस के शीशे तक तोड़े गए। इसके बाद घायल बच्चों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत कार्य में सहयोग किया।
चालक पर नशे में होने का आरोप
हादसे के बाद कुछ ग्रामीणों और घायल बच्चों के परिजनों ने चालक पर नशे में बस चलाने का आरोप लगाया। चालक हादसे के बाद मौके से भाग गया। हालांकि स्कूल संचालक अजय गुप्ता ने चालक के नशे में होने के आरोप को खारिज किया। उन्होंने यह भी कहा कि हादसे में केवल दो बच्चे घायल हुए हैं और स्कूल प्रबंधन उनके इलाज का खर्च उठाएगा। मेरठ की इस घटना ने एक बार फिर स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्कूल प्रबंधन पर परिजनों ने उठाए सवाल
हादसे की खबर मिलने के बाद बच्चों के परिजन स्कूल पहुंचे और प्रबंधन से जवाब मांगा। इस दौरान कुछ परिजनों और स्कूल प्रबंधन के बीच कहासुनी भी हुई। अभिभावकों की चिंता इस बात को लेकर है कि बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाली बस की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा मानकों की नियमित जांच होनी चाहिए। हालांकि बस की फिटनेस, स्टेयरिंग में खराबी और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही लगेगा।


