नई दिल्ली. इस साल गुरुवार, 29 अक्तूबर को करवा चौथ बना जा रहा है. इस दिन को सुहागिन महिलाओं के लिए बेहद खास माना जाता है. महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए निर्जला व्रत रखती हैं. अगर करवा चौथ के दिन ही पीरियड्स यानी मासिक धर्म शुरू हो जाएं, तो कई महिलाओं के मन में सवाल उठते हैं. क्या इस दौरान व्रत रख सकते हैं? क्या सरगी खा सकते हैं? चंद्रमा को अर्घ्य कैसे दें?
मान्यताओं के अनुसाल इस स्थिति में महिला अपनी आस्था, सेहत और परिवार की धार्मिक परंपराओं को ध्यान में रखकर निर्णय ले सकती है. चलिए समझते हैं पीरियड्स के दौरान करवा चौथ से जुड़े किन नियमों का ध्यान रखना चाहिए.
1. पीरियड्स में करवा चौथ का व्रत रख सकते हैं?
महिलाएं अपनी श्रद्धा के अनुसार मासिक धर्म के दौरान भी करवा चौथ का व्रत रख सकती हैं. पीरियड्स एक प्राकृतिक शारीरिक प्रक्रिया है. ऐसे में व्रत रखना या न रखना महिला की आस्था, स्वास्थ्य और सुविधा पर निर्भर करता है. करवा चौथ का व्रत निर्जला होता है, इसलिए अपनी सेहत का ध्यान रखना जरूरी है. अगर कमजोरी महसूस हो या तबीयत ठीक न हो, तो खुद पर व्रत रखने का दबाव न डालें.
2. पीरियड्स में सरगी खा सकते हैं?
करवा चौथ में सरगी खाने की परंपरा है. इसे सूर्योदय से पहले खाया जाता है, जिसके बाद महिलाएं व्रत शुरू करती हैं. मासिक धर्म के दौरान सरगी खाने को लेकर कोई एक समान धार्मिक नियम सभी परिवारों में लागू नहीं होता. महिलाएं अपनी पारिवारिक परंपरा और स्वास्थ्य को ध्यान में रख सकती हैं. सेहत के लिहाज से भी सुबह पर्याप्त भोजन और पानी लेना जरूरी है, खासकर जब कमजोरी महसूस हो रही हो.
3. पीरियड्स में पूजा-पाठ कैसे करें?
धार्मिक नियमों के अनुसार, मासिक धर्म के दौरान महिलाएं करवा चौथ की कथा सुन सकती हैं. पूजा में शामिल हो सकती हैं. कुछ परिवारों में इस दौरान पूजा की थाली, करवा या देवी-देवताओं की मूर्तियों को सीधे छूने से परहेज किया जाता है. ऐसी स्थिति में परिवार का कोई सदस्य पूजा की सामग्री संभाल सकता है और पूजा की विधि पूरी करने में मदद कर सकता है. अलग-अलग परिवारों और परंपराओं में इनके पालन का तरीका अलग हो सकता है.
4. पीरियड्स में चंद्रमा को अर्घ्य कैसे दें?
करवा चौथ पर चंद्रमा के दर्शन करने और अर्घ्य देने की परंपरा है. जिन परिवारों में मासिक धर्म के दौरान पूजा सामग्री छूने से परहेज किया जाता है. पति या परिवार का कोई अन्य सदस्य अर्घ्य देने में मदद कर सकता है. महिला चंद्रमा के दर्शन करके हाथ जोड़कर प्रार्थना कर सकती है. अर्घ्य देने और पूजा करने की विधि परिवार की धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अपनाई जा सकती है.
करवा चौथ पर इन बातों का रखें ध्यान
| सवाल | क्या ध्यान रखें? |
|---|---|
| पीरियड्स में व्रत रख सकते हैं? | अपनी आस्था, सेहत और सुविधा के अनुसार निर्णय लें। |
| सरगी खा सकते हैं? | पारिवारिक परंपरा का ध्यान रखें और सेहत को प्राथमिकता दें। |
| पूजा कैसे करें? | कथा सुन सकती हैं; जरूरत पड़ने पर परिवार की मदद लें। |
| चंद्रमा को अर्घ्य कैसे दें? | परिवार के सदस्य की मदद से अर्घ्य दे सकती हैं। |
| कमजोरी होने पर क्या करें? | सेहत को प्राथमिकता दें और जबरदस्ती निर्जला व्रत न रखें। |


