Himachal News: सिरमौर जिले के पांवटा साहिब से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-707 पर राजबन के पास एक पिकअप और बाइक की टक्कर में बाइक सवार की मौत हो गई, वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को प्राथमिक इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया गया है।
बाइक सवार विकेश ने तोड़ा दम
पुलिस के मुताबिक, राजबन क्षेत्र में पिकअप और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार विकेश (27) पुत्र रंगीलाल निवासी मालगी की मौत हो गई। वहीं, बाइक सवार गौरव (18) निवासी सिरमौरी ताल, राजबन गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को रेफर किया गया
हादसे के बाद घायल गौरव को एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया गया।
पुलिस कर रही जांच
डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि पुरुवाला थाना के तहत राजबन क्षेत्र में सड़क हादसा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


