Punjab News: रूपनगर में दर्दनाक हादसा, कुल्लू दशहरे से लौट रही गाड़ी गहरी खाई में गिरी, 4 लोगों की मौत

0
55

Punjab News: रूपनगर जिले में कीरतपुर-साहिब-मनाली मार्ग पर देहणी गांव के पास हुए एक सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। कुल्लू के दशहरा मेले में साउंड सिस्टम लगाने के बाद वापस लौट रही रोपड़ की ‘पंजाब साउंड’ की गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में ड्राइवर सहित चार लोगों की मौत हो गई।

दशहरा मेले से लौट रही थी गाड़ी

‘पंजाब साउंड’ रोपड़ के मालिक हरजिंदर सिंह के अनुसार, गाड़ी में चार लोग सवार थे। सभी कुल्लू के दशहरा मेले में साउंड सिस्टम लगाने के बाद वापस लौट रहे थे। हादसे में मारे गए लोगों में गाड़ी का चालक और मजदूरी करने वाले तीन अन्य व्यक्ति शामिल बताए जा रहे हैं।

काफी मशक्कत से बाहर निकाला

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के गरामोड़ा टोल प्लाजा कर्मचारियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मौके पर एंबुलेंस भी पहुंच गई। गाड़ी गहरी खाई में गिरने के कारण उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों और टोल प्लाजा कर्मचारियों ने मिलकर करीब तीन से चार घंटे तक बचाव अभियान चलाया। इसके बाद चारों लोगों के शव खाई से बाहर निकाले गए।

पुलिस कर रही जांच

कीरतपुर साहिब के थाना प्रभारी राहुल शर्मा ने बताया कि हादसे में मारे गए चारों लोगों के शव श्री आनंदपुर साहिब स्थित भाई जैता जी सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

  • TAGS
  • [post_tags]