Himachal News: हिमाचल में नौवीं-दसवीं कक्षा का सिलेबस बदलेगा, अगले साल से नई किताबें, NCERT के अनुरुप पाठ्यक्रम

0
62

Himachal News: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड अगले शैक्षणिक सत्र से नौवीं-दसवीं के पाठ्यक्रम में बदलाव की तैयारी कर रहा है। नया पाठ्यक्रम नए सिरे से तैयार किया जाएगा और पाठ्य-पुस्तकें भी नई प्रकाशित की जाएंगी। इसका मकसद एनसीईआरटी के अनुरूप पढ़ाई उपलब्ध कराना है।

2027-28 सत्र में होगा लागू

नए पाठ्यक्रमों के लिए विशेषज्ञों के साथ चर्चा कर योजना तैयार की जाएगी। शिक्षा बोर्ड के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2026-27 में नौवीं और दसवीं कक्षा के लिए प्रस्तावित नया पाठ्यक्रम उपलब्ध नहीं हो पाया था। ऐसे में अब आगामी शैक्षणिक सत्र से बदलाव लागू करने की तैयारी है। नए पाठ्यक्रम में रटकर याद करने के बजाय विषयों की समझ, कौशल विकास और व्यावहारिक ज्ञान पर जोर दिया जाएगा।

चौथी से आठवीं के पाठ्यक्रम बदले

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड चौथी से आठवीं कक्षा तक के पाठ्यक्रम में पहले ही बदलाव कर चुका है। इसके बाद अब नौवीं और दसवीं कक्षा को भी इसमें शामिल किया जा रहा है। बोर्ड का मानना है कि राज्य के पाठ्यक्रम और राष्ट्रीय स्तर पर अपनाए जा रहे शैक्षणिक ढांचे के बीच अंतर होने से विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।

बोर्ड ने शुरू की तैयारी

एचपीएसईबी के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि अगले साल नौवीं और दसवीं कक्षा का पाठ्यक्रम बदला जाएगा। इसमें एनसीईआरटी आधारित पाठ्यक्रम लागू होगा। इसके लिए शिक्षा बोर्ड प्रबंधन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। नई किताबों और संशोधित पाठ्यक्रम के लागू होने से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शैक्षणिक ढांचे के अनुरूप पढ़ाई उपलब्ध करवाने की दिशा में कदम बढ़ाया जाएगा।

कॉन्सेप्ट पर रहेगा जोर

एनसीईआरटी आधारित पाठ्यक्रम लागू होने से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलने की उम्मीद है। नए पाठ्यक्रम में पढ़ाई का अनावश्यक बोझ कम करने, अवधारणाओं को बेहतर तरीके से समझाने और व्यावहारिक ज्ञान बढ़ाने पर ध्यान दिया जाएगा। इस बदलाव के तहत विद्यार्थियों को केवल तथ्यों को याद करने के बजाय विषयों को समझने, उनका विश्लेषण करने और सीखी गई जानकारी का व्यावहारिक इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

  • TAGS
  • [post_tags]