Himachal News: कुल्लू में बिना बारिश आया सैलाब, लोगों ने भागकर बचाई जान, दहशत में ग्रामीण

0
97

Himachal News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट का टनल लीक होने से रैला पंचायत के पालचरा गांव में आधी रात अचानक बाढ़ आ गई। अचानक आई इस आपदा की वजह से लोगों को अपना घर छोड़कर जान बचाकर भागना पड़ा। इससे गांव के करीब 15 परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।

प्रेशर वॉल्व लीक होने से हादस

बताया जा रहा है कि हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट के एडिट-5 में प्रेशर वॉल्व लीक होने के बाद अचानक भारी मात्रा में पानी बाहर आ गया। बिन बारिश साफ मौसम में पानी का सैलाब देख लोग हैरान हो गए और तुरंत गांव से भाग निकले। पानी के तेज बहाव के साथ एनएचपीसी की डंपिंग साइट का मलबा भी नीचे की ओर बहकर रिहायशी क्षेत्र तक पहुंच गया। इससे पालचरा गांव में कई परिवारों के घर, दुकान व होमस्टे चपेट में आ गए।

गांव के लोगों में दहशत 

अचानक आई इस स्थिति से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। पानी और मलबे के घरों तक पहुंचने के बाद प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों की ओर जाना पड़ा। कई लोगों ने रात अपने रिश्तेदारों के घर गुजारी।

15 परिवारों को भारी नुकसान

ग्रामीणों के अनुसार एनएचपीसी की डंपिंग साइट पर पड़ा भारी मलबा पानी के बहाव के साथ बहकर उनके घरों तक पहुंचा, इससे करीब 15 परिवारों को भारी नुकसान होने की बात सामने आई है। कई रिहायशी मकानों के आसपास मलबा जमा हो गया, जबकि रास्तों और अन्य संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है और ग्रामीण परियोजना प्रबंधन तथा प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करवाने की मांग कर रहे हैं।

राहत देने की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि परियोजना क्षेत्र में इस तरह पानी और मलबा आने से भविष्य में भी खतरा बना रह सकता है। उन्होंने मांग उठाई कि प्रभावित परिवारों के नुकसान का जल्द आकलन किया जाए तथा उन्हें सुरक्षित स्थान उपलब्ध करवाने के साथ उचित राहत दी जाए। इसके अलावा डंपिंग साइट से मलबा नीचे की ओर न पहुंचे, इसके लिए पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए जाएं।

  • TAGS
  • [post_tags]