नई दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी की मध्य प्रदेश सरकार के खिलाफ उनके अपने ही केंद्रीय मंत्री ने मोर्चा खोल दिया है. प्रदेश के पूर्व मुख्य मंत्री और मौजूदा केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान गरीबों के हक के लिए धरने पर बैठ गए हैं. रविवार को वो पीड़ित परिवारों से लोगों से मिलने पहुंचे. वहां जाकर उनका हाल लिया और फिर अपनी ही पार्टी की राज्य सरकार के खिलाफ धरना करने बैठ गए.
मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा क्षेत्र के कोसमी गांव में आदिवासी परिवारों के मकान तोड़े जाने का मामला गरमा गया है. रविवार, 11 अक्टूबर को शिवराज गांव पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की. घरों को तोड़े जाने और फसलों को नुकसान पहुंचाए की उनको जानकारी मिली थी. इसे लेकर पूर्व मुख्य मंत्री ने नाराजगी जताई और पीड़ितों के समर्थन में धरने पर बैठ गए. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि गरीब परिवारों को बेघर करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.

घर टूटे, फसलें बर्बाद, कुएं को भी मिट्टी से भरा
मामला अतिक्रमण को हटाए जाने के दौरान हुई घटना का है. कोसमी गांव में वन विभाग और प्रशासन की कार्रवाई के दौरान आदिवासी परिवारों के मकान तोड़े गए. बताया जा रहा है कि प्रभावित परिवारों के घरों के साथ खेतों में खड़ी मक्का और तुअर की फसलों को भी नुकसान पहुंचा. इतना ही नहीं पानी के इस्तेमाल में आने वाले कुएं को मिट्टी से भर दिया गया. ऐसी बात भी सामने आ रही है. इन परिस्थितियों से प्रभावित परिवारों के सामने रहने, खाने-पीने और आजीविका का संकट खड़ा हो गया है. पीड़ितों से मुलाकात के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने उनकी समस्याएं सुनीं और नुकसान की जानकारी ली.

मुख्य सचिव को फोन कर जताई नाराजगी
शिवराज सिंह ने घटनास्थल पर वन विभाग और प्रशासन के किसी वरिष्ठ अधिकारी के मौजूद नहीं होने पर सवाल उठाए. उन्होंने मौके से ही मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल को फोन किया. इस पूरे मामले को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को भी फोन कर घटनाक्रम की जानकारी दी. शिवराज ने कहा कि गरीब परिवारों के घर उजाड़ना और उनकी आजीविका को नुकसान पहुंचाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिन परिवारों के मकान तोड़े गए हैं. उनके लिए नए घर बनवाने की व्यवस्था की जाएगी. जब तक स्थायी आवास उपलब्ध नहीं हो जाते. तब तक उनके रहने और खाने-पीने का अस्थायी इंतजाम भी किया जाएगा.


