नई दिल्ली. इस समय पूरे देश में नवरात्रि की धूम है. मां दूर्गा की पूजा का आज दूसरा दिन है. 12 अक्टूबर सोमवार को मां दुर्गा के दूसरे स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी की पूजा की जा रही है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां ब्रह्मचारिणी को तप, त्याग, साधना और संयम का प्रतीक माना जाता है. माता की आराधना से भक्तों को धैर्य रखने और कठिन परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य तक पहुंचने की प्रेरणा मिलती है.
मां ब्रह्मचारिणी, नवरात्रि के इस दिन माता को मिशरी, शक्कर और दूध से बनी मिठाइयों का भोग लगाया जाता है. चलिए जानते हैं कि मां ब्रह्मचारिणी को कौन-से फूल चढ़ाएं. उनकी पूजा कैसे करें और किन मंत्रों का जाप करना शुभ माना जाता है.
मां ब्रह्मचारिणी का स्वरूप और महत्व
देवी दुर्गा का दूसरा रूप है मां ब्रह्मचारिणी. माता के एक हाथ में जपमाला और दूसरे हाथ में कमंडल होता है. माता का यह स्वरूप तपस्या, ज्ञान, पवित्रता और आत्मसंयम को दर्शाता है. धार्मिक मान्यताओं में ऐसा माना जाता है कि मां ब्रह्मचारिणी की पूजा करने से जीवन में धैर्य रखने और मुश्किल समय में हिम्मत ना हारने की प्रेरणा मिलती है.
मां ब्रह्मचारिणी को क्या चढ़ाएं?
धार्मिक परंपराओं के अनुसार, नवरात्रि के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी को मिशरी और शक्कर का भोग लगाया जााता है. इसके अलावा दूध, खीर और दूध से बनी मिठाइयां भी अर्पित की जा सकती हैं. पूजा में माता को चमेली, कमल या गुड़हल के फूल चढ़ाने की परंपरा है. भक्त अपनी श्रद्धा के अनुसार सफेद या पीले फूल भी अर्पित कर सकते हैं.
दूसरे नवरात्र पर कौन-सा रंग पहनें?
नवरात्रि के दूसरे दिन सफेद रंग पहनना शुभ माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं में सफेद रंग शांति, पवित्रता और सरलता का प्रतीक है. इस दिन भक्त सफेद या पीले रंग के सााफ कपड़े पहनकर माता की पूजा कर सकते हैं.
मां ब्रह्मचारिणी के मंत्र
1. बीज मंत्र:
ॐ देवी ब्रह्मचारिण्यै नमः॥
2. ध्यान मंत्र:
दधाना करपद्माभ्यामक्षमालाकमण्डलू।
देवी प्रसीदतु मयि ब्रह्मचारिण्यनुत्तमा॥
3. देवी स्तुति मंत्र:
या देवी सर्वभूतेषु मां ब्रह्मचारिणी रूपेण संस्थिता।
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः॥


