Haryana News: हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों ने अपनी मांगें पूरी न होने पर हड़ताल कर दिया है। इसकी वजह से शुक्रवार सुबह 3.30 बजे से हिसार डिपो से बसों का परिचालन बंद हो गया है। लंबित वित्तीय भत्तों का भुगतान नहीं होने के विरोध में रोडवेज कर्मचारियों ने शुक्रवार रात से ही बसों का रात्रि संचालन बंद कर दिया था। आज कुल मिलाकर 259 बसों के पहिए थम गए हैं, जिनमें हिसार डिपो की 181 और हांसी डिपो की 78 बसे शामिल हैं।
एसडीओ से बातचीत रही बेनतीजा
रोडवेज कर्मचारी नेताओं की रात पौने दस बजे तक एसडीएम ज्योति मित्तल, रोडवेज महाप्रबंधक राहुल मित्तल के साथ वार्ता हुई, लेकिन सहमति नहीं बनी। अधिकारियों के रोडवेज परिसर से निकलने पर कर्मचारियों ने नारेबाजी कर रोष जताया। बस अड्डा परिसर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
शुक्रवार को तीन दौर की वार्ता
रोडवेज कर्मियों की लंबित मांगों के संबंध में हड़ताल पर जाने से पहले यूनियन की शुक्रवार को तीन दौर की वार्ता हुई। पहले रोडवेज महाप्रबंधक राहुल मित्तल के साथ बैठक हुई। दूसरी व तीसरी बार में एसडीएम ज्योति मित्तल के साथ कर्मचारी नेताओं की बैठक हुई। सांझा मोर्चा के राज्य पदाधिकारी भी इसमें शामिल हुए। रोडवेज के हिसार डिपो में कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर सांझा संघर्ष समिति के नेतृत्व में चल रहा धरना 38वें दिन से धरना दे रहे हैं।
बैठकों में नहीं हुआ समाधान
गुरुवार को भी डिपो महाप्रबंधक राहुल मित्तल ने सांझा मोर्चा के पदाधिकारियों की बैठक बुलाई थी। मांगों का समाधान न होने पर पदाधिकारियों ने आधे घंटे बाद ही बैठक का बहिष्कार कर दिया और बीच में ही बैठक छोड़कर बाहर आ गए थे। समिति के सदस्यों ने कहा कि कर्मचारियों को अपने जायज वित्तीय अधिकारों के लिए बार-बार संघर्ष करना पड़ रहा है। यूनियन पदाधिकारी संदीप जैनावास ने कहा कि 31 अक्तूबर को हिसार डिपो की हड़ताल की कॉल है। इसके बाद, 5 और 6 नवंबर को स्टेट कमेटी की हड़ताल की कॉल है।


