Haryana News: अंबाला जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। सोंडा गांव में शुक्रवार को घर के बाहर खेलते समय दो वर्षीय मासूम बच्ची की पानी से भरे गहरे हौद में गिरने से मौत हो गई। इस घटना के बाद प्रवासी मजदूर परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
बिहार का रहने वाला है परिवार
पीड़िता का परिवार बिहार के बेगूसराय जिले के रहने वाला है। पीड़िता के पिता छोटूराम सोंडा गांव में परिवार सहित रहकर मजदूरी करते हैं। शुक्रवार को उनकी दो वर्षीय बेटी चंदा घर के आसपास खेल रही थी।
पानी भरने गई थी बच्ची की मां
इसी बीच बच्ची की मां निशा पास ही किसी काम से पानी भरने चली गईं। कुछ देर बाद जब मां लौटीं तो चंदा आंगन में नजर नहीं आई। तलाश करने पर पास ही बने गहरे हौद में बच्ची बेसुध पड़ी मिली।
मामले में कानूनी कार्रवाई हुई
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शवगृह में भिजवाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।


