Punjab News: जालंधर में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें मशहूर सिंगर व रैपर हनी सिंह के भांजे विदित औलख की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में विदित के दोस्त आरव तलवार ने भी अपनी जान गंवा दी। भांजे की अचानक मौत से हनी सिंह गहरे सदमे में हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा कर अपना दुख जाहिर किया है।
बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे औलख
अपने दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी से विदित औलख अपनी फॉक्सवैगन कार से लौट रहे थे। करीब 3 बजे जालंधर के पुलिस लाइंस इलाके के पास फ्लाईओवर पर उनकी कार सड़क किनारे खड़ी नगर निगम की एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। नगर निगम के कर्मचारी उस वक्त फ्लाईओवर पर सफाई कर रहे थे और कूड़ा इकट्ठा करने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली वहां खड़ी थी।
हनी सिंह ने बयां किया दर्द
सिंगर हनी सिंह ने अपने भांजे की मौत की पुष्टि इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए की। उन्होंने एक भावुक संदेश साझा करते हुए लिखा, ”यह मेरे लिए दुखों का एक काला दशक है। अपने भांजे को खोना बेहद दर्दनाक है। भोलेनाथ, मेहर करो, मेहर करो।” सिंगर की इस पोस्ट से उनके दुख का अंदाजा लगाया जा सकता है।
दिनेश औलक के थे पुत्र
विदित औलख, म्यूजिक लेबल स्पीड रिकॉर्ड्स के संस्थापक दिनेश औलख के बेटे थे। जालंधर में हुए इस हादसे ने औलख परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे में विदित के दोस्त आरव तलवार की भी मौत हुई है।


