Punjab News: पंजाब में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आम आदमी पार्टी (आप) को जोरदार झटका लगा है। सनौर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा और समाना विधानसभा क्षेत्र से विधायक चेतन सिंह जोड़ामाजरा ने पार्टी का दामन छोड़ दिया है। जानकारी के मुताबिक, दोनों विधायक भारतीय जनता पार्टी ( बीजेपी) में शामिल हो सकते हैं।
टिकट कटने की थीं अटकलें
दोनों विधायकों के पार्टी छोड़ने के फैसले ऐसे समय सामने आए हैं, जब आप ने हाल ही में सनौर और समाना विधानसभा क्षेत्रों में नए हलका प्रभारी नियुक्त किए थे। इन नियुक्तियों के बाद दोनों मौजूदा विधायकों के आगामी चुनाव में टिकट कटने की अटकलें तेज हो गई थीं। आप ने सनौर में रंजोध हदाना और समाना में सुरजीत सिंह रखड़ा को हलका प्रभारी बनाया था। इन नियुक्तियों को दोनों विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की चुनावी रणनीति में बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा था।
हरमीत पर दुष्कर्म का मामला
हरमीत सिंह पठानमाजरा दुष्कर्म के मामले में केस दर्ज होने के बाद से विवादों में हैं। मामला दर्ज होने के बाद उनके फरार रहने से उनकी राजनीतिक स्थिति पर भी सवाल उठे थे। पार्टी नेतृत्व के साथ उनके तनावपूर्ण संबंधों के चलते आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी उम्मीदवारी को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई थी।
मंत्री पद छिनने के बाद नाराज चेतन
चेतन सिंह जोड़ामाजरा भगवंत मान सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। मंत्रिमंडल में फेरबदल के दौरान उन्हें पद से हटा दिया गया था। इस फैसले से उनकी नाराजगी की खबरें सामने आई थीं। उनका पार्टी छोड़ने का फैसला ऐसे समय आया है, जब आप ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी के तहत हलका स्तर पर संगठन में बदलाव शुरू कर दिया है।


