प्रदेश भर में छापेमारी, करोड़ों रुपए के नशीले पदार्थों सहित कुल 58 तस्कर गिरफ्तार
Chandigarh Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब पुलिस टीमों ने नशों के खिलाफ अपने अभियान ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ को 490वें दिन भी जारी रखते हुए प्रदेश भर में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस टीमों ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुल 58 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही पकड़े गए तस्करों के कब्जे से 3.5 किलो हेरोइन, 2.3 किलो अफीम, 627 नशीली गोलियां और 36,900 रुपए की ड्रग मनी बरामद की गई।
इसके साथ ही केवल 490 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 71,592 हो गई है। नशा मुक्ति अभियान के हिस्से के रूप में, पंजाब पुलिस ने आज 11 व्यक्तियों को नशा मुक्ति एवं पुनर्वास उपचार कराने के लिए राजी किया है।
पुलिस ने कुल 829 जगह की छापेमारी
राज्य में चल रहे निर्णायक अभियान ‘गैंगस्टरां ते वार’ के 165वें दिन पंजाब पुलिस ने आज राज्य भर में गैंगस्टरों के साथियों के पहचाने और मैप किए गए 829 स्थानों पर छापेमारी की। पुलिस ने प्रदेश के लोगों से अपील की है कि वे इस अभियान में प्रदेश पुलिस का सहयोग दें। इसके लिए लोग, एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से गुप्त रूप से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में रिपोर्ट कर सकते हैं और अपराध तथा आपराधिक गतिविधियों के बारे में सूचना भी दे सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि गैंगस्टरां ते वार पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के लिए निर्णायक जंग है, जो 20 जनवरी, 2026 को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव द्वारा शुरू की गई थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें राज्य भर में विशेष अभियान चला रही हैं। 165वें दिन, पुलिस टीमों ने 15 हथियारों सहित 570 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिससे अभियान की शुरूआत के बाद कुल गिरफ्तारियां 43,697 हो चुकी हैं।
ये भी पढ़ें : Punjab Weather : पंजाब में आज से अगले तीन दिन खूब बरसेंगे मेघ


