कैबिनेट मंत्री द्वारा राजस्थान फीडर नहर की रीलाइनिंग के कार्य का जायजा
Punjab News Update (आज समाज), फरीदकोट। पंजाब के कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने आज राजस्थान फीडर नहर की चल रही रीलाइनिंग परियोजना का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य निर्धारित समय के भीतर पूरा किया जाए। गोयल ने बताया कि यह नहर पंजाब के कई गांवों और शहरों के नजदीक से गुजरती है और लगभग 60 वर्ष पुरानी होने के कारण इसकी लाइनिंग काफी जर्जर हो चुकी थी। पिछले समय के दौरान राजस्थान फीडर नहर और सरहिंद फीडर के कामन बैंक टूटने के कारण आसपास के क्षेत्रों में नुकसान का खतरा बना रहता था।
800 करोड़ रुपए से पूरा हुआ कार्य
इसी नुकसान को रोकने के उद्देश्य से यह कार्य करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरहिंद फीडर नहर के पुनर्निर्माण का कार्य 800 करोड़ रुपये की लागत से पहले ही पूरा किया जा चुका है और अब राजस्थान फीडर नहर की रीलाइनिंग पूरी होने के बाद दोनों नहरों के साथ लगते गांवों और शहरों को संभावित जान-माल के नुकसान से बचाया जा सकेगा तथा खेतों को अधिक नहरी पानी उपलब्ध होगा।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि फरीदकोट की सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय किसानों की मांग को ध्यान में रखते हुए फरीदकोट शहर के निकट राजस्थान फीडर की 12.50 किलोमीटर लंबाई में कंक्रीट की बजाय ईंटों की लाइनिंग की जा रही है ताकि भूजल रिचार्ज को सुनिश्चित किया जा सके।
क्षमता के अनुसार चलाई जाएगी नहर
उन्होंने कहा कि रीलाइनिंग कार्य पूरा होने के बाद नहर को उसकी क्षमता के अनुसार चलाया जाएगा और राजस्थान को उसके हिस्से के अनुसार ही पानी उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ लोगों की सुरक्षा और भूजल संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाएगी। बरिंदर कुमार गोयल ने बताया कि राजस्थान फीडर नहर की 80 किलोमीटर रीलाइनिंग का कार्य वर्ष 2023 तक सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया था, लेकिन नहर बंदी नहीं मिलने के कारण शेष कार्य पूरा नहीं हो सका था। अब वर्ष 2026 की बंदी के दौरान बाकी बची 16.62 किलोमीटर लाइनिंग का कार्य युद्ध स्तर पर करवाया जा रहा है, जिस पर लगभग 170 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
ये भी पढ़ें : Amritsar Breaking News : नेक कार्यों के लिए परमात्मा हमें शक्ति दे : सीएम


