पकड़े गए आरोपी पाकिस्तान से मंगवा रहे थे नशीले पदार्थ और हथियार, पुलिस ने छह पिस्तौल, 115 ग्राम हेरोइन और 11.9 लाख रुपए ड्रग मनी बरामद की
Amritsar Crime News (आज समाज), अमृतसर : अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सीमा पार से चल रहे हथियार और नशा तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस गिरोह के पांच सदस्यों को छह आधुनिक पिस्तौल, 115 ग्राम हेरोइन और 11.90 लाख ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार किया है। यह जानकारी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान सिमरनजीत सिंह उर्फ मन्नू (24), गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (20), सुखराज सिंह उर्फ जोगा (24) और साजन सिंह उर्फ गुरसाजन सिंह उर्फ लड्डा – सभी निवासी गांव रोड़ा वाला कलां (अमृतसर) तथा अमृतसर के गांव रणीके के निवासी मोलकदीप सिंह (23) के रूप में हुई है।
आरोपियों से बरामद सभी पिस्तौल विदेशी
बरामद किए गए पिस्तौलों में आॅस्ट्रिया निर्मित दो 9 एम.एम. ग्लॉक, तुर्की निर्मित एक जिगाना, दो .32 बोर और एक .30 बोर पिस्तौल सहित 10 जिंदा कारतूस शामिल हैं। पुलिस टीमों ने आरोपियों की हुंडई क्रेटा कार भी जब्त की है, जिसका उपयोग वे तस्करी के लिए करते थे। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी सीमा पार तस्करी नेटवर्क से सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे और सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से हथियारों एवं नशीले पदार्थों की खेप प्राप्त कर रहे थे। इस मामले में आगे-पीछे के संबंध स्थापित करने के लिए जांच जारी है।
पुलिस को इस तरह मिली सफलता
पुलिस आयुक्त (सी.पी.) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कार्रवाई के संबंध में विवरण साझा करते हुए कहा कि सीमा पार तस्करी संबंधों की पुख्ता एवं गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने सिमरनजीत उर्फ मन्नू, मोलकदीप सिंह, गुरप्रीत उर्फ गोपी, सुखराज उर्फ जोगा और साजन उर्फ गुरसाजन उर्फ लड्डा को एक कार सहित गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से दो .32 बोर पिस्तौल बरामद किए हैं। उन्होंने कहा कि आगे की पूछताछ के बाद हुई बरामदगी के दौरान चार अन्य पिस्तौल, 115 ग्राम हेरोइन और 11.90 लाख रुपये की ड्रग मनी जब्त की गई, जो संगठित अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की गतिविधियों में उनकी संलिप्तता की पुष्टि करती है।


