गर्मी और बढ़ते तापमान से मिलेगी राहत, 17 फरवरी को सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ
Haryana Weather Update (आज समाज), चंडीगढ़ : हरियाणा में आजकल दिन में तापमान तेजी से ऊपर की तरफ जा रहा है वहीं रातें अभी भी ठंडी ही हैं। भारतीय मौसम विभाग की चंडीगढ़ शाखा ने हरियाणा के मौसम संबंधी अपडेट जानकारी देते हुए बताया है कि आने वाले कुछ दिनों में प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा। वहीं 11 फरवरी से उत्तरी पश्चिमी हवाएं मौसम में थोड़ा बदलाव लाएंगी। इन हवाओं के चलते जहां दिन के तापमान में कमी आएगी वहीं सुबह और शाम को ठंड का अहसास बढ़ेगा इसके साथ ही कहीं-कहीं कोहरा भी छा सकता है।
ज्ञात रहे कि राज्य का अधिकतम तापमान 24 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जबकि न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई है। प्रदेश के 15 जिलों में तापमान 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आज पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद 11 फरवरी से उत्तर पश्चिमी हवाएं चलेगी। वहीं 17 फरवरी के बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जो उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में मौसम को बदल सकता है। एचएयू के कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी तापमान गेहूं के लिए अनुकूल बना हुआ है।
पहाड़ों में बारिश, बर्फबारी की संभावना
मौसम विभाग ने जो बुलेटिन जारी किया है उसके अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते आज और कल पहाड़ों में निचले हिस्सों में हल्की बारिश और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने की संभावना है। पहाड़ी राज्यों में 10 फरवरी से गरज के साथ बारिश हो सकती है। बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी इसी अवधि में बारिश और हिमपात के आसार हैं। 11 फरवरी को हालात ज्यादा बिगड़ सकते हैं।


