कहा, पंजाब सरकार ने नौजवानों को नशों से दूर रखने के उद्देश्य से पंजाब क्रिकेट लीग को दी मंजूरी, आईपीएल की तर्ज पर करवाई जाएगी पंजाब क्रिकेट लीग
Punjab Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब सरकार ने युवाओं को नशे से दूर रखने और खेल के साथ जोड़ने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। इस फैसले संबंधी जानकारी देते हुए सीएम भगवंत सिंह मान ने कहा कि उन्होंने आज पंजाब क्रिकेट लीग (पीसीएल) की शुरुआत को मंजूरी दे दी है।
इस लीग के तहत खेलों को एक आउटरीच कार्यक्रम की बजाय नौजवानों के सशक्तिकरण के लिए रणनीतिक हस्तक्षेप के रूप में देखा जाएगा। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की तर्ज पर जिला और क्षेत्रीय स्तर पर टीमें बनाकर और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) तथा पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) के सहयोग से करवाई जाने वाली इस लीग का उद्देश्य नौजवान प्रतिभा की पहचान करना, तैयार करना और पेशेवर राह पर ले जाना है।
इसलिए लिया गया यह फैसला
मीटिंग में लिए गए कुछ फैसलों के बारे में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि आज चंडीगढ़ में खेल और युवक सेवाएं विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के लिए मीटिंग की, जिसमें राज्य भर में खेल संस्कृति को उत्साहित करने पर विचार-विमर्श किया गया। सभी अधिकारियों को हिदायत की गई कि वे एक स्वस्थ समाज की सृष्टि के उद्देश्य से नौजवानों को खेलों में हिस्सा लेने के लिए उत्साहित करने में अपना अधिकतम योगदान दें। सरकार द्वारा राज्य में खेल संस्कृति बहाल करने और राज्य भर के नौजवानों को खेल मैदानों से जोड़ने के लिए लगातार काम किए जा रहे हैं।
इस तरह होगा टीमों का चयन
प्रस्तावित लीग ढांचे के बारे में बताते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह लीग इंडियन प्रीमियर लीग की तर्ज पर करवाई जाएगी और टूनार्मेंट में हिस्सा लेने के लिए सभी जिलों और माझा, दोआबा तथा मालवा जैसे भौगोलिक क्षेत्रों के आधार पर टीमें बनाई जाएंगी। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह लीग राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट टूर्नामेंटों के लिए क्रिकेटरों का प्रतिभाशाली पूल पैदा करने में मदद करेगी।
सभी खेलों को प्रोत्साहित करने की जरूरत
इसके साथ ही उन्होंने राज्य भर में अन्य खेलों को उत्साहित करने की जरूरत पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वॉलीबॉल, फुटबॉल, हॉकी, बास्केटबॉल, खो-खो और कबड्डी जैसी खेलों के लिए भी जिला स्तरीय और राज्य स्तरीय लीग टूनार्मेंट करवाए जाने चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि पंजाब सरकार अच्छी तरह प्रशिक्षित और प्रतिभाशाली खिलाड़ी पैदा करने के लिए ठोस अभियान पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य यह यकीनी बनाना है कि अधिक से अधिक पंजाबी खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय खेल मुकाबलों में भारत का प्रतिनिधित्व करें।
ये भी पढ़ें : Amritsar Crime News : अमृतसर में नशा व हथियार तस्करी गिरोह के पांच सदस्य काबू


