Himachal Weather Updates, प्रिया शर्मा, कुल्लू/शिमला: हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) के अनुसार गुरुवार देर शाम तक बारिश के कारण 75 सड़कें बंद, 29 बिजली ट्रांसफॉर्मर (डीटीआर) प्रभावित तथा पेयजल की पांच योजनाएं बाधित हो चुकी हैं। ताजा अपडेट के अनुसार, अगले 3 घंटों के दौरान हिमाचल के आठ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
जानें आज किस जिले में कैसा रहेगा मौसम
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को राजधानी शिमला और सिरमौर जिलों में भारी बारिश, सोलन में मध्यम से भारी वर्षा, जबकि कुल्लू, मंडी, किन्नौर, हमीरपुर और चंबा में मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं कांगड़ा, ऊना और बिलासपुर में हल्की से मध्यम तथा लाहौल-स्पीति में हल्की बारिश का पूवार्नुमान जारी किया गया है।
कुल्लू : औट-लुहरी राष्ट्रीय राजमार्ग बंद
शिमला शहर में अगले कुछ घंटों तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है। इसके बाद बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम हो सकती है। लगातार वर्षा के चलते कुल्लू जिले में औट-लुहरी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-305) यातायात के लिए बंद हो गया है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सोलन व सिरमौर जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद
बारिश के मद्देनजर सोलन और सिरमौर जिलों में स्कूल और कॉलेज बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग व जिला प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। कुल्लू, मंडी और अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कों पर फिसलन का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क एवं सुरक्षित रहने का आग्रह किया है।
ये भी पढ़ें: Heavy Rainfall Havoc: भारी बारिश के कारण उत्तर भारत के कई इलाकों में आज भी स्कूल बंद


