Punjab News: मोहाली में ताबड़तोड़ फायरिंग से सनसनी, 30 मिनट के भीतर दो जगहों पर गोलीबारी, विदेश में बैठे गैंगस्टरों पर शक

0
219

Punjab News: मोहाली से शनिवार को सनसनीखेज खबर सामने आई है। बाइक से आए हथियारबंद बदमाशों ने दो जगहों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी। महज 30 मिनट के भीतर पहले सेक्टर 79 के एक सैलून को निशाना बनाया गया, इसके बाद फेज 11 में एक आर्किटेक्ट और रियल एस्टेट कारोबारी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई।

सैलून पर चलाई गोली

हथियारबंद युवक बाइक से आए थे। उन्होंने बाइक को कुछ दूरी पर खड़ा किया और फिर ‘हेयर मास्टर्स’ सैलून के पास जाकर उसके कांच के दरवाजे पर गोली चलाई और वहां से भाग गए। कांच का दरवाजा टूट गया, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस को मौके से एक खाली कारतूस मिला है।

रियल्टर के घर पर फायरिंग

कुछ मिनट बाद, उन्हीं दोनों युवकों ने फेज 11 में मोहाली क्लब के पास आर्किटेक्ट और रियल एस्टेट कारोबारी हरप्रीत सिंह के घर पर चार राउंड फायरिंग की और फरार हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों घटनाएं विदेश में बैठे गैंगस्टरों के गुर्गों द्वारा रंगदारी वसूलने की कोशिश की ओर इशारा करती हैं।

पहले भी सैलून पर फायरिंग

अज्ञात हमलावरों ने 2 सितंबर को भी इस सैलून पर फायरिंग की थी। सूत्रों ने बताया कि सैलून संचालक साहिल कपूर को कुछ समय से रंगदारी के लिए कॉल आ रहे थे। ADGP (कानून-व्यवस्था) गौतम चीमा ने कहा, ”एक खाली कारतूस बरामद हुआ है। हम यह पता लगा रहे हैं कि किस तरह के हथियार का इस्तेमाल किया गया। हमलावरों के भागने के रास्ते का पता लगाया जा रहा है। संदिग्धों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

  • TAGS
  • [post_tags]