Himachal News: टल गया बड़ा हादसा! सतलुज की तेज लहरों के बीच अचानक बंद हुई मोटर बोट, कैसे बची 30 लोगों की जान?

0
254

Solan News: हिमाचल प्रदेश के सोलन में कुछ ऐसा हुआ जिसने 30 लोगों की सांसें अटका दी. जिले के अर्की क्षेत्र में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. दूरदराज पंचायत बेरल के बोही गांव के पास सतलुज नदी के बीच अचानक मोटर बोट बंद हो गई. उस समय बोट में करीब 30 यात्री सवार थे. तकनीकी खराबी के कारण बोट में पानी भरने लगा, जिससे यात्रियों में डर का माहौल बन गया. समय रहते दूसरी बोट पहुंचने से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

जानकारी के अनुसार, बोही गांव के लोग राशन डिपो से सामान लेकर मोटर बोट के जरिए अपने घर लौट रहे थे. सतलुज नदी का यह हिस्सा करीब 400 मीटर के दायरे में फैला हुआ है. यात्री नदी के दूसरे छोर पर पहुंचने ही वाले थे कि किनारे से करीब 250 मीटर पहले बोट में तकनीकी खराबी आ गई और वह बीच नदी में ही बंद हो गई.

बोट में भरने लगा पानी, बढ़ने लगी यात्रियों की चिंता

बोट की शाफ्ट में खराबी आने के कारण उसका संचालन बंद हो गया. इसके बाद धीरे-धीरे बोट में पानी भरने लगा. उसमें सवार करीब 30 लोगों ने पानी निकालने की कोशिश की, लेकिन पानी लगातार अंदर आता रहा. हालात बिगड़ते देख यात्रियों की चिंता बढ़ गई. उन्हें डर सताने लगा कि कहीं बोट पानी में डूब न जाए. इसके बाद बिना देर किए दूसरी बोट भेजने के लिए फोन किया गया. कुछ समय बाद दूसरी मोटर बोट मौके पर पहुंची. इसके बाद सभी यात्रियों को खराब बोट से निकालकर दूसरी बोट में सुरक्षित बैठाया गया.

अपनों को सुरक्षित देखकर भावुक हुए परिजन

इस घटना के दौरान नदी के दूसरे किनारे पर यात्रियों के परिवार वाले उनका इंतजार कर रहे थे. काफी देर तक जब उनके अपने नहीं पहुंचे तो परिजनों की चिंता बढ़ने लगी थी. जब दूसरी बोट से सभी यात्री सुरक्षित सड़क किनारे पहुंचे तो परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली. अपनों को सुरक्षित देखकर कई परिजन भावुक हो गए. इस दौरान लोग एक-दूसरे के गले मिले और अपनी खुशी जाहिर की. यात्रियों का कहना था कि अगर दूसरी बोट समय पर नहीं पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता था.

पंचायत प्रधान ने की सभी के सुरक्षित होने की पुष्टि

पंचायत बेरल के प्रधान जोगिंद्र ने बताया कि मोटर बोट की शाफ्ट टूटने के कारण वह बीच नदी में बंद हो गई थी. इससे उसमें सवार यात्री घबरा गए थे. सूचना मिलने के बाद दूसरी बोट भेजी गई और सभी यात्रियों को सुरक्षित उसमें शिफ्ट कर दिया गया. उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है और सभी लोग सुरक्षित हैं.

  • TAGS
  • [post_tags]