Himachal Fish Brand: विदेशी बाजार में उतरेगी हिमाचल की मछली, अलग ब्रांड से होगी पहचान; ट्राउट से शुरुआत

0
101

Himachal Fish Brand: हिमाचल प्रदेश की बर्फीली नदियों और स्वच्छ जल में तैयार होने वाली मछली अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी अलग पहचान बनाने की तैयारी में है. प्रदेश का मत्स्य विभाग हिमाचल की मछली को एक विशिष्ट ब्रांड नेम देने की योजना पर काम कर रहा है. इस अभियान की शुरुआत ट्राउट फिश से होगी. आगे चलकर अन्य मछली प्रजातियों को भी इसी ब्रांडिंग के तहत शामिल किया जाएगा.

‘हिमालयन फिश’ नाम पर चल रहा मंथन

ब्रांड तैयार करने के लिए मत्स्य विभाग ने स्थानीय मत्स्य सोसायटियों और अन्य हितधारकों के साथ चर्चा शुरू कर दी है. शुरुआती सुझावों में ‘हिमालयन फिश’ नाम प्रमुखता से सामने आया है. हालांकि, विभाग अभी अन्य नामों पर भी सुझाव जुटा रहा है और अंतिम फैसला लिया जाना बाकी है.

नाम तय होने के बाद राज्य सरकार केंद्रीय मत्स्य मंत्रालय को पत्र भेजकर आवश्यक मंजूरी और निर्यात से जुड़ी औपचारिकताओं को आगे बढ़ाएगी. सरकार का लक्ष्य हिमाचली मछली को विदेशों में एक प्रीमियम उत्पाद के तौर पर स्थापित करना है.

प्रदेश में 20,005 टन मछली का उत्पादन

मत्स्य पालन हिमाचल प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था और रोजगार का महत्वपूर्ण आधार है. पिछले साल राज्य में कुल 20,005 टन मछली का उत्पादन हुआ था. इसमें अकेले ट्राउट फिश की हिस्सेदारी करीब 6,000 टन रही.

हिमाचल में गोबिंद सागर झील, पौंग बांध, कोल बांध, चमेरा और रणजीत सागर बांध मछली उत्पादन के प्रमुख केंद्र हैं. प्रदेश में करीब 42 हजार लोग प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से मत्स्य व्यवसाय से जुड़े हैं. इनमें 10 हजार से अधिक सक्रिय मछुआरे नियमित रूप से मछली पकड़कर आजीविका अर्जित कर रहे हैं.

ट्राउट उत्पादन के प्रमुख क्षेत्र

कुल्लू की पतलीकूहल, तीर्थन घाटी, सैंज और पार्वती नदी क्षेत्र के साथ मंडी की बरोट घाटी, उहल नदी और लंबाडग खड्ड ट्राउट उत्पादन के प्रमुख क्षेत्र हैं. चंबा के होली, भरमौर और भंदल तथा किन्नौर की सांग्ला घाटी में बास्पा नदी के किनारे भी सरकारी और निजी ट्राउट फार्म संचालित हैं. इसके अलावा शिमला के रोहड़ू और चिड़गांव में भी ट्राउट मछली का उत्पादन होता है.

 

  • TAGS
  • [post_tags]