शिमला के निरमंड में स्कूल पर मलबा गिरा, ठियोग बाइपास पर कार क्षतिग्रस्त
Himachal Weather, (आज समाज), शिमला: हिमाचल प्रदेश में बीती रात को कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई है। शिमला के रामपुर से सटे कुल्लू जिले के निरमंड में भारी बारिश की वजह से फ्लैश फ्लड आया है। यहां पर निरमंड में टिकरी कैंची का नाला उफान पर है और छोए-छोए नाले ने रौद्र रूप दिखाया है। भारी बारिश और भूस्खलन से निरमंड खंड का राजकीय प्राथमिक विद्यालय पांकवा ध्वस्त हो गया है और इस पर भूस्खलन के बाद मलबा गिरा है।
बीती रात की बरसात के कारण ठियोग बाइपास पर प्रेम घाट चौक के भूस्खलन से एक कार क्षतिग्रस्त हो गई है। कार सड़क किनारे पार्क की गई थी। वहीं, आज मौसम विभाग की ओर से प्रदेश के 6 जिलों में भारी बारिश का आॅरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में जारी किया गया आॅरेंज अलर्ट
कांगड़ा, चंबा, सोलन, ऊना, सिरमौर और बिलासपुर में आज आॅरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कुछेक स्थानों पर बहुत भारी बारिश और फ्लैश फ्लड जैसे हालात बन सकते है। इसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
ऊना, कांगड़ा और सिरमौर में हुई बारिश
वहीं दिन के वक्त आज ऊना, कांगड़ा और सिरमौर में अच्छी बारिश हुई। ऊना में सबसे ज्यादा 57 मिमी और कांगड़ा में 24 मिमी बारिश हुई। राज्य के अन्य भागों में आज दिनभर मौसम खराब बना रहा। बीती रात को ठियोग और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश हुई। प्रेमघाट में भूस्खलन के कारण बड़ी-बड़ी चट्टानें एक गाड़ी पर गिर गई।
देहरादून-पांवटा साहिब एनएच 07 पर बना पुल ढहा
कुल्लू के निरमंड में लैंडस्लाइड की चपेट में आने से सरकारी स्कूल पांकवा का भवन क्षतिग्रस्त हो गया। सिरमौर में देहरादून-पांवटा साहिब एनएच 07 पर बना दशकों पुराना बाता पुल ढह गया। बाता नदी के तेज बहाव में दोपहर के वक्त पुल के एक पिलर की नींव ढह गई। इससे पुल नदी में समा गया।
7 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी
आज ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और सिरमौर जिला में भारी बारिश का यलो अलर्ट है, जबकि 4 अगस्त को ऊना, बिलासपुर व कांगड़ा जिला, 5 अगस्त को कांगड़ा और मंड+ी, 6 अगस्त को हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, सोलन व सिरमौर तथा 7 अगस्त को चंबा, कांगड़ा और मंडी जिला में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।


