Punjab News: मोहाली में 2 साल के मासूम की हत्या की गुत्थी सुलझी, जिस पर था भरोसा वही निकली कातिल, मां-बाप को नहीं हो रहा विश्वास

0
173

Punjab News: मोहाली पुलिस ने दो वर्षीय मासूम गुरसांझ सिंह हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है। लालड़ू के बल्लोपुर गांव में इस सिलसिले में पुलिस ने 20 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने बच्चे का अपहरण करने के बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव पड़ोसी के घर की छत पर रख दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया एक कंबल और चादर भी बरामद कर लिया है।

पड़ोसी के छत पर मिला था शव

एसपी (देहात) जसपिंदर सिंह गिल ने बताया कि गांव बल्लोपुर निवासी गुरविंदर सिंह का दो वर्षीय बेटा गुरसांझ सिंह 14 नवंबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे घर के बाहर खेलते समय लापता हो गया था। परिजनों ने उसे बहुत ढूंढा, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन 15 नवंबर की सुबह बच्चे का शव पड़ोसी राजबीर सिंह के घर की छत से बरामद हुआ। शुरुआती जांच में बच्चे की गला घोंटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई थी।

आखिर हत्थे चढ़ गई महिला

थाना लालड़ू में इस संबंध में 15 नवंबर को अपहरण और हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। एसएसपी वरुण शर्मा के निर्देश पर सीआईए स्टाफ, स्पेशल सेल और थाना लालड़ू की अलग-अलग टीमों ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। इसके आधार पर पुलिस ने 19 नवंबर को गांव बल्लोपुर निवासी सोनिका पत्नी रेशम को गिरफ्तार कर लिया।

मानसिक तनाव में आकर की हत्या

पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बच्चे को अगवा कर उसकी हत्या करने और शव छत पर रखने की बात कबूल की है। जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ दिन पहले आरोपी का गर्भपात हुआ था, जिसके बाद वह मानसिक तनाव में थी। पुलिस का दावा है कि इसी परेशानी के चलते उसने गुस्से में वारदात को अंजाम दिया।

  • TAGS
  • [post_tags]