Punjab News: लुधियाना जिले से एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। नैना देवी के दर्शन कर लौट रहे बिहार के श्रद्धालुओं का वाहन माछीवाड़ा में दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। देर रात उनका टेंपो सड़क पर खड़े टिप्पर से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक महिला और दो लड़कों की मौत हो गई, जबकि 27 अन्य घायल हो गए।
चालक की लापरवाही सामने आई
घायल यात्रियों ने आरोप लगाया कि चालक तेज गति और लापरवाही से टेंपो चला रहा था। किरातपुर के पास भी वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते-होते बचा था। यात्रियों ने चालक से वाहन चलाने की जिम्मेदारी खुद लेने की पेशकश भी की, लेकिन उसने इनकार कर दिया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
घायलों का चल रहा इलाज
माछीवाड़ा पुलिस के चरणजीत सिंह ने बताया कि देर रात हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल यात्रियों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


