Martyrdom of Guru Arjun Dev Ji : गुरु अर्जुन देव जी का शहीदी गुरपूर्व श्रद्धा से मनाया गया

0
897
Martyrdom of Guru Arjun Dev Ji was celebrated with great reverence.
रागी जत्था गुरबाणी कीर्तन करते हुए।
  • संगतों ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेक गुरु की शहादत को किया नमन
  • गुरू अर्जुन देव ने मानवता की खातिर अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया : बलविंद्र सिंह

Jind News(आज समाज नेटवर्क) जींद। शहीदों के सरताज बाणी के जहाज एवं शांति के पुंज पांचवीं पातशाही गुरु अर्जुन देव का शहीदी गुरुपर्व पर वीरवार को शहर के सभी गुरुद्वारों में श्रद्धा व उल्लास से मनाया गया। शहर के सभी गुरुद्वारों में सुखमनी सेवा सोसायटी के सहयोग से शहीदी गुरुपर्व के सम्मान में चल रही श्री सुखमनी साहिब के पाठ की लड़ी के तहत श्री सुखमनी साहिब की बाणी का पाठ किया गया। शब्द कीर्तन गायन किया गया साथ ही संगतों के लिए मीठे शरबत की छबील लगाई गई तथा लंगर का आयोजन किया गया।

सिख धर्म में किसी गुरु द्वारा धर्म व समाज की भलाई के लिए अपने आप को कुर्बान करने वाले गुरु अर्जुन देव जी पहले गुरु थे

गुरुघर के प्रवक्ता बलविंदर सिंह ने बताया कि पांचवीं पातशाही गुरु अर्जुन देव शहीदी गुरुपर्व के उपलक्ष में स्थानीय ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरु तेग बहादुर साहिब में गुरमत समागम का आयोजन किया गया। जिसमें गुरुद्वारा साहिब के रागी भाई जसबीर सिंह रमदसिया एवं पंजोखरा साहिब अंबाला से आए भाई हरविंदर सिंह के रागी जत्थे द्वारा गुरु अर्जुन देव द्वारा श्री गुरु ग्रंथ साहिब में रचित बाणी के गुरबाणी शब्द कीर्तन का गायन किया। धर्म प्रचार कमेटी से आए भाई सुखविंदर सिंह के कविशरी जत्थे ने गुरु अर्जुन देव की शहादत को अपनी मार्मिक रचनाओं द्वारा माहौल को गमगीन बना दिया। गुरुद्वारा साहिब के हैड ग्रंथी गुरविंदर सिंह रत्तक ने गुरु साहिब की शहादत को नमन करते हुए कहा कि गुरु अर्जुन देव को शहीदी का सरताज इसलिए कहा जाता है कि सिख धर्म में किसी गुरु द्वारा धर्म व समाज की भलाई के लिए अपने आप को कुर्बान करने वाले गुरु अर्जुन देव पहले गुरु थे।

गुरु ग्रंथ साहिब में गुरू अर्जुन देव जी द्वारा रचित श्री सुखमनी साहिब की बाणी सहित 2200 के करीब गुरबाणी के शब्द दर्ज हैं

इस अवसर पर हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कार्यकारिणी सदस्य सरदार करनैल सिंह ने गुरू अर्जुन देव को जुल्म का नाश करने तथा धर्म का प्रकाश करने वाले बताते हुए कहा कि उनके द्वारा श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पहली बीड़ अपने हाथों से तैयार करके दरबार साहिब अमृतसर में तय स्थान पर सुशोभित करके भाई बुड्डा जी को गुरु घर का पहला ग्रंथी थाप कर उनके द्वारा शुरू गुरु ग्रंथ साहिब का पहला प्रकाश पर्व आरंभ किया गया।गुरूघर प्रवक्ता बलविंदर सिंह ने बताया कि गुरु ग्रंथ साहिब में गुरू अर्जुन देव द्वारा रचित श्री सुखमनी साहिब की बाणी सहित 2200 के करीब गुरबाणी के शब्द दर्ज हैं। गुरु अर्जुन देव को कुर्बानी का प्रतीक इसलिए कहा जाता है क्योंकि उन्होंने सिख धर्म की रक्षा के लिए तत्ती (गरम) तवी पर बैठ कर खुद को कुर्बान कर दिया था।

जबकि इससे पहले उन्हें गर्म पानी में उबाला गया तथा गर्म तवी पर बैठा कर ऊपर से गर्म रेत डाली गई थी। उधर, शहर के रेलवे जंक्शन स्थित सिंह सभा गुरुद्वारा में भाई जसवंत सिंह, गुरुद्वारा बंदा सिंह बहादुर पटियाला चौक में भाई गुरजीत सिंह द्वारा तथा गुरुद्वारा सिंह सभा भारत सिनेमा रोड में भाई रिषिपाल सिंह के रागी जत्थे द्वारा गुरबाणी कीर्तन गायन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा शहर में जगह-जगह रेलवे रोड, पटियाला चौक, पुराना बिजली घर, झांझ गेट, पंजाबी बाजार, मेन बाजार, सिटी थाना तथा अर्बन एस्टेट में मीठे शरबत की छबीलें लगाई गई। समागम में गुरुद्वारा मैनेजर गुरविंदर सिंह चौगामा, हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कार्यकारिणी सदस्य करनैल सिंह, नरेंद्र सिंह, आजाद सिंह निम्नाबाद, गुरविंदर सिंह रत्तक, रतन सिंह व परमजीत सेठी आदि उपस्थित रहे।

  • TAGS
  • [post_tags]