Lottery Fraud(आज समाज नेटवर्क) ग्रेटर नोएडा। फेस-3 सेंट्रल नोएडा पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए केरल लॉटरी के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले 10 शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपित फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फर्जी विज्ञापन चलाकर लोगों को लॉटरी जीतने का झांसा देते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 20 मोबाइल फोन, चार डेबिट कार्ड और 10,200 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे फेसबुक और इंस्टाग्राम पर लॉटरी जीतने संबंधी विज्ञापन प्रसारित करते थे
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-121 स्थित साई प्रॉपर्टी अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर-302 में छापेमारी कर गुरुवार तड़के करीब 1:27 बजे सभी आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपितों की पहचान एलन एंटनी, अंकित कुमार, राहुल, शकील, राजशेखर, गुरु प्रसाद, विनय डीपी, विनोद कुमार, संतोष और चेतन के रूप में हुई है। इनमें अधिकांश आरोपी कर्नाटक और बिहार के निवासी हैं, जो नोएडा में रहकर साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित कर रहे थे।पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे फेसबुक और इंस्टाग्राम पर लॉटरी जीतने संबंधी विज्ञापन प्रसारित करते थे। विज्ञापन देखकर संपर्क करने वाले लोगों से पहले 50 रुपये लेकर क्यूआर कोड के माध्यम से फर्जी लॉटरी टिकट भेज दिया जाता था। इसके बाद शाम को फोन कर बताया जाता था कि उनकी 12 लाख रुपये की लॉटरी निकल आई है।
लॉटरी की राशि जारी कराने के नाम पर आरोपित पीड़ितों से टीडीएस, जीएसटी, एनओसी, आयकर क्लीयरेंस और रिजर्व बैंक क्लीयरेंस शुल्क जैसे विभिन्न बहाने बनाकर रकम वसूलते थे।पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह मुख्य रूप से दक्षिण भारत के लोगों को निशाना बनाता था। आरोपी पीड़ितों से उनकी स्थानीय भाषा में बातचीत करते थे, जिससे उन्हें शक न हो। भरोसा जीतने के लिए फर्जी रिजर्व बैंक और आयकर विभाग के दस्तावेज व्हाट्सएप पर भेजे जाते थे।
ठगी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी इस्तेमाल किए गए सिम कार्ड तोड़कर फेंक देते थे और नए नंबरों से दोबारा लोगों को ठगना शुरू कर देते थे। गिरोह फर्जी बैंक खाते और सिम उपलब्ध कराने वालों को करीब 75 प्रतिशत कमीशन भी देता था।
साइबर पोर्टल पर मिली थीं 18 शिकायतें
पिछले दो महीनों में कर्नाटक और आंध्र प्रदेश से साइबर क्राइम पोर्टल पर 18 शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। जांच के दौरान पता चला कि सभी कॉल नोएडा से संचालित हो रही थीं। इसके बाद सेक्टर-108 स्थित साइबर सेल ने तकनीकी जांच शुरू की, जिसमें फर्जी बैंक खातों में लाखों रुपये के लेनदेन का खुलासा हुआ। जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया।


