- नशे के लिए भाई बना भाई का कातिल, पैसे न मिलने पर सगे भाई की हत्या
Karnal News(आज समाज नेटवर्क)करनाल। करनाल के सेक्टर 32-33 थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। नशे के लिए पैसे न मिलने पर एक युवक ने अपने सगे भाई की कांच की बोतल से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कमल के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोपी उसका सगा भाई कपिल है। बताया जा रहा है कि कपिल नशे का आदी है और अक्सर परिवार से पैसे मांगता रहता था। घटना वाले दिन भी उसने कमल से नशे के लिए पैसे मांगे, लेकिन इनकार मिलने पर वह गुस्से में आ गया।
घटना के समय दोनों भाइयों की मां भी घर में मौजूद थी
गुस्से में बेकाबू हुए कपिल ने घर में रखी कांच की बोतल उठाकर कमल के गले पर हमला कर दिया। बोतल टूटने से उसके टुकड़े गले में धंस गए और अत्यधिक खून बहने के कारण कमल की मौके पर ही मौत हो गई।घटना के समय दोनों भाइयों की मां भी घर में मौजूद थी और उसने अपनी आंखों के सामने एक बेटे को दूसरे बेटे की जान लेते देखा। परिवार पर इस घटना के बाद दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सूचना मिलने पर सेक्टर 32-33 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस जांच अधिकारी जगदीश कुमार ने बताया कि अस्पताल से हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। मृतक के पिता की शिकायत पर आरोपी कपिल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़े:- Jind News : संदिग्ध हालात में एक महिला ने फंदा लगा की आत्महत्या


