महिला की मौत, कई घायल, पुलिस मामले की जांच में जुटी
Kaithal Crime News (आज समाज), कैथल : कैथल के गांव मंडवाल में दो परिवारों के विवाद में एक महिला की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि सुबह दोनों पक्षों में पंचायत के बीच समझौता हो गया था जबकि रात के समय आरोपी पक्ष पर आरोप है कि उन्होंने पीड़ित पक्ष पर उस समय हमला किया जब वे अपने घर में बैठे थे।
इस हमले में एक महिला की मौत हो गई जबकि परिवार के अन्य सदस्य गंभीर बताए जा रहे हैं। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि उनपर हमला गांव में नशा बेचने संबंधी सूचना पुलिस को देने के शक के आधार पर किया गया । आरोप है कि पड़ोसी अपने साथियों के साथ रात में छत के रास्ते घर में घुसा और ईंट, रॉड तथा बरछी से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल 70 वर्षीय निर्मल कौर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए। पुलिस ने हत्या समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस तरह बढ़ता चला गया मामला
पुलिस को दिए बयान में गांव मंडवाल निवासी शमशेर उर्फ शेरू ने बताया कि वह ट्रक चालक है। 14 जुलाई की सुबह करीब नौ बजे पड़ोसी संदीप उर्फ काली उनके घर के सामने आकर गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि संदीप ने उन्हें कहा कि शमशेर ने उसके घर पर टोटका कराया है और उसकी गाड़ियों में भुक्की होने की सूचना पुलिस को दी है। इसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद दोनों पक्षों ने थाने में शिकायत दी। बाद में गांव की पंचायत में समझौता भी हो गया।
छत के रास्ते घर में घुसे हमले के आरोपी
शिकायत के अनुसार, उसी रात करीब नौ बजे शमशेर अपने परिवार के साथ घर के आंगन में बैठा था। तभी आरोपी संदीप उर्फ काली, हरमीत उर्फ मीत, गुरमीत, सिमरू निवासी खेड़ी सरफली तथा तीन अन्य युवक छत के रास्ते घर में घुस आए। आरोपियों ने उस पर ईंटों और रॉड से हमला कर दिया।
शिकायतकर्ता के अनुसार संदीप की ओर से फेंकी गई ईंट उसकी मां निर्मल कौर की छाती पर लगी, जिससे वह नीचे गिर गई। हरमीत ने उसकी पत्नी के सिर पर ईंट मारी, जबकि सिमरू की ओर से फेंकी गई ईंट शमशेर के सिर पर लगी। जब परिवार ने आरोपियों को रोकने का प्रयास किया तो संदीप ने बरछी से हमला कर दिया, जो शमशेर के सिर पर लगी। इसके बाद आरोपियों ने ईंटों की बौछार कर दी, जिससे परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हो गए। इस हमले में निर्मल कौर की मौत हो गई।
ये भी पढ़ें : Sonipat Accident News : सोनीपत एनएच-44 पर कार का टायर बदल रहे युवकों को ट्रक ने कुचला, दो की मौत


