नई दिल्ली. यह बात सभी जानते हैं और अक्सर कहा जाता है कि जिंदगी का कोई भरोसा नहीं है. फरीदाबाद में कुछ ऐसा हुआ जिसने इस कहावत को सही साबित कर दिया. गुरुग्राम रोड स्थित बंधवाड़ी टोल प्लाजा पर एक कर्मचारी की जान 1 मिनट से भी कम समय में चली गई. कोविड के आने के बाद से ही देशभर में संदिग्ध परिस्थितियों में लोगों की मौत का मामला लगातार सामने आ रहा है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में महज 25 सेकेंड में मुंह के बल गिरे कर्मचारी की मौत ने सनसनी फैला दी.
फरीदाबाद की घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें देखा जा सकता है कि कैसे कर्मचारी अचानक टोल बैरियर के पास मुंह के बल गिरा और उसकी जान चली गई. जमीन पर गिरने के बाद मरने वाला शख्स 25 सेकेंड तक तड़पता रहा.जब तक आस पास के लोगों को कुछ समझ आता वह अचेत हो गया. जब तक वहां मौजूद दूसरे कर्मचारी जमीन पर गिरे साथी की मदद के लिए पहुंचते उसकी मौत हो चुकी थी.
वीडियो में दिख रहे शख्स जिनकी मौत का हो गई उनकी पहचान राजेंद्र के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक वह बंधवाड़ी टोल प्लाजा की इमरजेंसी लाइन पर तैनात था. परिवार वालों की तरफ से आरोप लगाया गया है कि उनको गाड़ी ने टक्कर मारी थी. ऐसा कहा जा रहा है कि हादसा होने से कुछ देर पहले एक वैगनआर कार ने राजेंद्र को पीछे हटते समय टक्कर मार दी थी. परिवार वालों ने आरोप लगाया है कि कार से हुआ टक्कर के बाद राजेंद्र का सिर सड़क से टकराया. चोट लगने के बाद उनकी मौत हो गई.


