1 लाख रुपये तक जुर्माना, चंडीगढ़ में तेज आवाज में DJ बजाना, देर रात जनरेटर चलाना पड़ सकता है महंगा

0
91

नई दिल्ली. देर रात तेज आवाज में गाना बजाने वाले मनचलों पर अब लगाम लगाने की तैयारी है. चंडीगढ़ में कुछ ऐसा किया जा रहा है जिसके बाद ऐसा कुछ करने से पहले लोग 100 बार सोचेंगे. अब तेज आवाज में डीजे बजाना, देर रात जनरेटर चलाना और तय सीमा से ज्यादा शोर करने वाले पटाखे चलाना महंगा पड़ सकता है. ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों पर 1 हजार से लेकर 1 लाख रुपये तक का पर्यावरणीय मुआवजा (EC) लगाने की तैयारी है.

चंडीगढ़ प्रदूषण नियंत्रण समिति (CPCC) ने इस संबंध में एक प्रस्ताव तैयार किया है. इसे समिति की गवर्निंग बॉडी के सामने रखा गया है. 17 नवंबर को होने वाली बैठक में इस प्रस्ताव पर चर्चा होगी. अगर इसे मंजूरी मिल जाती है, तो शहर में ध्वनि प्रदूषण के मामलों में जुर्माने की नई व्यवस्था लागू हो सकती है.

यह प्रस्ताव केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के दिशा-निर्देशों के आधार पर तैयार किया गया है. इसमें आवासीय, व्यावसायिक, मिश्रित उपयोग और साइलेंस जोन के लिए अलग-अलग जुर्माने तय किए गए हैं. अस्पतालों, स्कूल-कॉलेजों और अदालतों के आसपास बने साइलेंस जोन में नियम तोड़ने वालों पर ज्यादा सख्ती होगी.

बिना अनुमति डीजे और लाउडस्पीकर बजाने पर 10 हजार जुर्माना

जो प्रस्ताव सामने रखा गया है इसके मुताबिक जुर्माना तय करने का पैमाना होगा. बिना पहले से अनुमति लिए लाउडस्पीकर या पब्लिक एड्रेस सिस्टम चलाने पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जा सकता है. जनरेटर की क्षमता के हिसाब से भी जुर्माना तय करने का प्रस्ताव है. 1 हजार केवीए से ज्यादा क्षमता वाले डीजल जनरेटर चलाने पर 1 लाख रुपये का जुर्माना. 62.5 से 1 हजार केवीए तक के जनरेटर पर 25 हजार रुपये और 62.5 केवीए तक के जनरेटर पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लग सकता है. अगर तय ध्वनि सीमा से ज्यादा शोर करने वाले निर्माण उपकरणों पर 50 हजार रुपये की पेनल्टी लगाने का प्रस्ताव है.

बारात और धार्मिक आयोजनों में शोर करने पर भी कार्रवाई

पटाखों से होने वाले शोर पर भी जुर्माने का प्रावधान किया गया है. आवासीय और व्यावसायिक इलाकों में तय सीमा से ज्यादा आवाज वाले पटाखे चलाने पर भी जुर्माना लगाया जाएगा. यह 1 हजार रुपये का हो सकता है. हर बार नियम तोड़ने पर जुर्माना देना होगा. वहीं, साइलेंस जोन में पटाखे चलाने पर 3 हजार रुपये देने पड़ सकते हैं. इसके अलावा बारात, रैली, जुलूस और धार्मिक आयोजनों में ध्वनि प्रदूषण फैलाने पर 10 हजार रुपये का पर्यावरणीय मुआवजा लगाया जा सकता है. अगर यही उल्लंघन साइलेंस जोन में होता है, तो जुर्माने की राशि 20 हजार रुपये प्रस्तावित है.

बार-बार नियम तोड़ने पर 1 लाख रुपये तक जुर्माना

प्रस्ताव में बार-बार ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के लिए जुर्माने की रकम बढ़ाने का भी प्रावधान है. आरडब्ल्यूए, सार्वजनिक स्थानों, शादी समारोहों और संस्थागत आयोजनों में नियमों का उल्लंघन करने पर पहली बार 20 हजार रुपये का जुर्माना लग सकता है. दूसरी बार गलती करने पर यह रकम बढ़कर 40 हजार रुपये हो जाएगी. तीसरी या उसके बाद नियम तोड़ने पर 1 लाख रुपये तक का पर्यावरणीय मुआवजा लगाया जा सकता है. फिलहाल यह व्यवस्था प्रस्ताव के स्तर पर है. 17 नवंबर को होने वाली गवर्निंग बॉडी की बैठक में मंजूरी मिलने के बाद ही इसे लागू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.

  • TAGS
  • [post_tags]