Punjab News: पटियाला से सोमवार को एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। तीन हथियारबंद लोगों ने दिन-दहाड़े एक कार में सवार लोगों पर गोलियां चला बरसाईं, जिससे व्यस्त सफाबादी गेट इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कार सवार लोगों की तरफ से जवाबी फायरिंग करने के बाद हमलवार भाग खड़े हुए।
घर से निकलते ही दागीं गोलियां
पुलिस ने बताया कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ है और मामले की जांच चल रही है। कार में सवार सुखविंदर सिंह उर्फ गागू ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ निकलने ही वाला था, तभी उसके घर के बाहर सड़क पर मौजूद तीन लोगों ने उनकी गाड़ी पर गोलियां चला दीं।
पैसे देने से मना करने पर फायरिंग
गागू ने बताया कि उसने तुरंत अपना लाइसेंसी हथियार निकाला और जवाबी फायरिंग की। कड़ा विरोध मिलने पर हमलावर वहां से भाग गए। उसने दावा किया कि उसे करीब एक साल से दो लोगों से धमकियां मिल रही थीं। उसने आरोप लगाया कि फोन करने वालों ने उससे जबरन वसूली (रंगदारी) की मांग की थी और उसे शक है कि यह हमला इसलिए किया गया, क्योंकि उसने पैसे देने से मना कर दिया था।
पुलिस कर रही जांच
गागू ने यह भी कहा कि अगर उसके पास लाइसेंसी हथियार न होता और उसने तुरंत जवाबी कार्रवाई न की होती, तो हमलावर उसे और उसके साथियों को मार सकते थे। कोतवाली स्टेशन हाउस ऑफिसर अमनपाल विर्क ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


