Punjab News: पंजाब के फिरोजपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में 3 बच्चों की मौत से दहशत का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, खाने खाने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनके मुंह से झाग निकलने लगा। इसके बाद, वे बेहोश हो गए और फिर उनकी मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार को दो बच्चे, जबकि एक दूसरे परिवार का एक बच्चा शामिल है। इस घटना के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग जांच में जुट गया है।
खाना खाने के बाद हालत बिगड़ी
जानकारी के मुताबिक, गांव की रहने वाली मनदीप कौर ने बताया कि उसने अपने 3 बच्चों के साथ खुद भी रोटी-सब्जी खाई थी और दूध पिया था। खाना खाने के कुछ समय बाद उसके छह और सात साल के दो बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। दोनों के मुंह से झाग निकलने लगा और उनकी हालत गंभीर हो गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतक बच्चों की पहचान गुरमीत और सुखजीत के रूप में हुई है।
एक और बच्चे की मौत की खबर
उन्होंने बताया कि उसने और उसके एक बेटे ने भी वही दूध पिया था, लेकिन उनकी तबीयत पर कोई असर नहीं पड़ा। दूसरी तरफ, गांव में आशंका जताई जा रही है कि दूध पीने के बाद ही बच्चों की हालत बिगड़ी। इसी बीच गांव के एक अन्य बच्चे के बेहोश होने और एक और बच्चे की मौत की सूचना भी सामने आई है।
पोस्टमॉर्टम से सुलझेगा रहस्य
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव पहुंच गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। मृतक दोनों बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम फरीदकोट मेडिकल कॉलेज में करवाया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली कiरण स्पष्ट हो सकेगी।


