Haryana News: यमुनानगर में खनन माफिया के हौसले बुलंद हैं। इनके हौसले इतने बुलंद हैं कि अब ये अधिकारियों को भी निशाना बनाने में नहीं हिचक रहे। साढौरा क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान खनन सामग्री से भरे डंपर को रोकने का इशारा करने पर ड्राइवर ने व्यासपुर के एसडीएम और उनकी टीम को कुचलने का प्रयास किया।
समय रहते टीम ने बचाई जान
डंपर के आगे चल रही कार के चालक ने भी टीम को कुचलने की कोशिश की। एसडीएम और उनकी टीम ने समय रहते एक तरफ हटकर अपनी जान बचाई। अगर वे समय रहते नहीं हटते, तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए।
एसडीएम कर रहे थे चेकिंग
एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह साढौरा क्षेत्र में तड़के छह बजे वाहनों की चेकिंग पर थे। इस दौरान वह क्षेत्र से गुजर रहे खनन सामग्री से भरे ट्रकों और डंपरों के दस्तावेजों की जांच कर रहे थे। टीम कुछ डंपरों की जांच कर चुकी थी। इसी दौरान व्यासपुर की तरफ से खनन सामग्री से भरा एक डंपर आता दिखाई दिया।
डंपर ने की कुचलने की कोशिश
डंपर में गटका पत्थर लोड था। उसके आगे एक कार चल रही थी। एसडीएम ने डंपर चालक को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि इसी दौरान कार चालक और डंपर चालक ने एसडीएम व उनकी टीम को कुचलने का प्रयास किया।


