
- जापान में 19 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी
- कामचटका प्रायद्वीप में एक महीने तक आफ्टरशॉक का अनुमान
Update On Russia Earthquake, टोक्यो/मॉस्को: जापानी समयानुसार रूस के कामचटका प्रायद्वीप में सुबह 8 बजकर 25 मिनट पर भूकंप आया। भूकंप की प्रारंभिक रीडिंग 8.0 मापी गई और इसके बाद अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने इस आंकड़े को संशोधित कर 8.8 कर दिया। इसका केंद्र रूस के कामचटका प्रायद्वीप में पेट्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की से लगभग 119 किमी (74 मील) पूर्व-दक्षिणपूर्व में बताया।
1952 के बाद से कामचटका प्रायद्वीप में सबसे शक्तिशाली भूकंप
रूसी विज्ञान अकादमी के भूभौतिकीय सर्वेक्षण के मुताबिक यह 1952 के बाद से कामचटका प्रायद्वीप में आया सबसे शक्तिशाली भूकंप था। उन्होंने कहा है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है लेकिन एक महीने तक आफ्टरशॉक की संभावना है। लोगों को संवेदनशील तटीय क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
बाद में आए कई शक्तिशाली झटके : यूएसजीएस
यूएसजीएस के अनुसार भूकंप की गहराई 20.7 किमी (13 मील) दर्ज की गई। इसके बाद कई शक्तिशाली झटके आए, जिनकी तीव्रता 6.9 तक पहुंच गई। यह भूकंप मार्च 2011 में जापान में आए भूकंप (9.0 तीव्रता) के बाद से दुनिया का सबसे शक्तिशाली भूकंप माना जा रहा है, जिसने विनाशकारी सुनामी और परमाणु आपदा का कारण बना था। दुनिया भर में दर्ज किए गए कुछ ही भूकंपों की तीव्रता इससे ज्यादा रही है।
रूस : इमारतों को नुकसान, बिजली गुल, मोबाइल सेवाएं बाधित
रूस के पेट्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की (जनसंख्या 180,000) में भूकंप के कारण इमारतों को नुकसान पहुंचा, बिजली गुल हो गई और मोबाइल सेवाएं बाधित हुईं। क्षेत्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, कुछ लोगों ने चिकित्सा सहायता ली, हालांकि किसी गंभीर चोट की पुष्टि नहीं हुई।
जापान : हवाई व सड़क से लेकर समुद्री यातायात बाधित
जापान की राजधानी टोक्यो के पास सुनामी आने से 19 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी जारी की गई है। चेतावनी ने जापान में परिवहन संपर्क भी बाधित कर दिया है। होक्काइडो और आओमोरी के बीच नौका सेवाओं के साथ-साथ टोक्यो को आस-पास के द्वीपों से जोड़ने वाले मार्गों को भी निलंबित कर दिया गया। सेंडाइ हवाई अड्डे ने भी अपना रनवे अस्थायी रूप से बंद कर दिया, और कुछ स्थानीय ट्रेनें देरी से चलीं या रुक गईं।
फुकुशिमा दाइची संयंत्र : 4,000 कर्मचारी ऊंचे स्थानों पर गए
परमाणु सुरक्षा: जापानी परमाणु संयंत्रों ने किसी भी सुरक्षा समस्या की सूचना नहीं दी है। फुकुशिमा दाइची संयंत्र की संचालक, टोक्यो इलेक्ट्रिक पावर कंपनी होल्डिंग्स ने पुष्टि की है कि एहतियात के तौर पर लगभग 4,000 कर्मचारी ऊंचे स्थानों पर चले गए हैं और दूर से स्थिति पर नज़र रख रहे हैं।
न्यूजीलैंड : तटीय क्षेत्र म२ं अप्रत्याशित उछाल की चेतावनी
न्यूजीलैंड भूकंप के केंद्र से लगभग 6,000 मील (9,600 किमी) दूर है। देश के तटीय क्षेत्र के आसपास तेज और असामान्य धाराओं के साथ ही अप्रत्याशित उछाल की चेतावनी जारी की गई है। आपातकालीन एजेंसी के अधिकारियों ने नागरिकों से बंदरगाहों, समुद्र तटों, नदियों व मुहाने को तुरंत खाली करने की अपील की है।
फिलीपीन : सुनामी लहरों की चेतावनी जारी
फिलीपीन के अधिकारियों ने प्रशांत महासागर के तटीय प्रांतों में 1 मीटर (3 फीट) से कम ऊंची सुनामी लहरों की चेतावनी दी है। लोगों को समुद्र तटों और तटीय जल से दूर रहने को कहा गया है। फिलीपीन इंस्टीट्यूट आॅफ वोल्केनोलॉजी एंड सीस्मोलॉजी के टेरेसिटो बैकोलकोल की ओर से बताया गया कि ये लहरें भले सबसे बड़ी न हों, पर ये घंटों तक जारी रह सकती हैं और पानी में तैर रहे लोगों को खतरे में डाल सकती हैं।
ये भी पढ़ें : Earthquake: रूस के कामचटका में 8.8 तीव्रता का भूकंप, आई सुनामी, जापान व अमेरिका तक अलर्ट