
कल से शुरू हो जाएगी मानसून की वापसी
Haryana Weather Update, (आज समाज), चंडीगढ़: मौसम विभाग ने आज हरियाणा के 6 जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। इन जिलों में पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल और पानीपत शामिल है। इन जिलों में कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में आगामी 3 दिनों तक मौसम साफ रहेगा। धूप के खिलने से दिन में गर्मी बढ़ेगी।
वहीं रात के मौसम में ठंड का अहसास होने लगा है। भारत मौसम विभाग चंडीगढ़ के अनुसार कल यानी शनिवार से मानसून की भी वापसी हो जाएगी। इस मानसून सीजन प्रदेश में सामान्य से 39 प्रतिशत ज्यादा बरसात हो चुकी है। हालांकि बारिश का दौर थमने के साथ ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है।
प्रदेश में सामान्य से 39 प्रतिशत ज्यादा हो चुकी बारिश
हिसार एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के मौसम विभाग अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि प्रदेश में 18 सितंबर तक औसतन 408.2 एमएम बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक 567.9 एमएम बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 39 प्रतिशत ज्यादा है। सबसे ज्यादा बारिश यमुनानगर में 1115.7 एमएम दर्ज की गई है, जबकि सबसे कम बारिश सिरसा में 346.6 एमएम दर्ज की गई है। वहीं गुरुवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान हिसार में 36.9 डिग्री तक दर्ज किया गया।
मारकंडा नदी जलस्तर बढ़ा
वहीं कुरुक्षेत्र में मारकंडा नदी का पानी डेंजर लेवल के पास पहुंच गया है। बीती रात नदी में पानी का लेवल 255.30 मीटर पर पहुंच गया, जो कि डेंजर लेवल से सिर्फ 0.70 मीटर नीचे है। हिमाचल के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में मारकंडा नदी का वाटर लेवल बढ़ा।
बुधवार शाम तो 6 बजे तक मारकंडा में 1,126 क्यूसेक पानी था। मगर गुरुवार को शाम 4 बजे 3,500 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया। इसके बाद रात साढ़े 8 बजे 17 हजार 681 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया। साढ़े 4 घंटे में करीब 14 हजार क्यूसेक पानी बढ़ गया।