प्रदेश के 19 जिलों में हो सकती है तेज व मध्यम बारिश
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 19 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज व मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। 3 जुलाई को जिन जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। उनमें अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गरुग्राम, पलवल, मेवात व फरीदाबाद शामिल है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार हरियाणा में 5 जुलाई तक मौसम परिवर्तनशील रह सकता है। इस दौरान मानसूनी हवाओं की सक्रियता बढ़ने की संभावना से राज्य में हवाओं व गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है।
अधिकतम तापमान 2.9 डिग्री बढ़ा, सिरसा रहा सबसे गर्म जिला
वहीं हरियाणा में बुधवार को मौसम साफ रहा। धूप के खिलने से अधिकतम तापमान में 2.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, प्रदेश का न्यूनतम तापमान भी सामान्य के आसपास ही चल रहा है। प्रदेश का सबसे गर्म जिला सिरसा रहा। सिरसा का अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया।