Prof. Rambilas Sharma, (आज समाज), महेंद्रगढ़ : हरियाणा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व शिक्षा मंत्री प्रोफेसर रामबिलास शर्मा ने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उस पर हार का आरोप लगाकर कांग्रेस पार्टी अपनी खीझ मिटाने का काम कर रही है। चुनाव आयोग पर आरोप लगाने से कांग्रेस को कोई लाभ नहीं मिलने वाला। प्रो. शर्मा ने प्रेस के नाम जारी बयान में कहा कि कांग्रेस पार्टी देशभर में लगातार घट रहे अपने जनाधार से हताश होकर इस तरह के आरोप लगा रही है।
कांग्रेस की रैली भी पूरी तरह फ्लॉप साबित हुई
इसी कड़ी में दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की रैली भी पूरी तरह फ्लॉप साबित हुई, जिसमें लोगों ने कोई खास रुचि नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास आज केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वह वोट चोरी जैसे निराधार आरोप लगा रही है। जनता कांग्रेस के इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर रही है। प्रो. शर्मा ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि भाजपा वोट चुराती तो हरियाणा में कांग्रेस को इतनी सीटें कैसे मिलतीं।
कांग्रेस नेता चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर भी सवाल खड़े कर रहे!
उन्होंने कहा कि यह बड़े आश्चर्य की बात है कि कांग्रेस के नेता चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं। कांग्रेस को यह स्वीकार करना चाहिए कि अपने लंबे शासनकाल में उसने देश को भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी और अनेक समस्याएं दीं, जिसके कारण जनता उससे नाराज है। प्रो. शर्मा ने कहा कि भाजपा द्वारा केंद्र और प्रदेश में लागू की गई जनकल्याणकारी नीतियों के कारण जनता भाजपा की नीतियों पर लगातार विश्वास जता रही है और चुनावों में जीत दिला रही है।


