
जेल महानिदेशक मोहम्मद अकील ने किया पेट्रोल पंप का शुभारंभ
Karnal News (आज समाज) करनाल: हरियाणा के करनाल में अब कैदी वाहनों में पेट्रोल-डीजल डालते नजर आएंगे। करनाल के कैथल रोड पर कैदियों के लिए इंडियन आॅयल कॉर्पोरेशन की मदद से पेट्रोल पंप शुरू किया गया। रविवार को हरियाणा जेल महानिदेशक मोहम्मद अकील ने पेट्रोल पंप का विधिवत उद्घाटन किया। मोहम्मद अकील ने कहा कि यह मोस्ट मॉडर्न एक्सपेरिमेंट है। डीजी अकील ने बताया कि आने वाले समय में इस स्टेशन पर सीएनजी और इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग की सुविधा भी मिलेंगी। पंप 24 घंटे खुलेगा और इसकी आमदनी सीधे सरकार के खाते में जाएगी।
इससे पहले कई जिलों में शुरू हो चुके पेट्रोल पंप
डीजी जेल ने बताया कि इस मॉडल को कुरुक्षेत्र में जबरदस्त सफलता मिली है। वहां की सफलता को देखते हुए करनाल में इसे लागू किया गया है। अब तक करनाल, अंबाला, यमुनानगर, हिसार और सोनीपत में पेट्रोल पंप शुरू हो चुके हैं। जल्द ही फरीदाबाद और नूंह में भी यह पंप खोले जाएंगे। इसके बाद सिरसा, जींद, नारनौल और भिवानी में भी कैदियों द्वारा संचालित पेट्रोल पंप खोले जाएंगे।
सरकार के खाते में जाएगी आमदनी
उन्होंने कहा कि यह ऐसा मॉडल है जो घाटे में नहीं जा सकता, क्योंकि इसमें गुणवत्ता, मात्रा और ट्रांसपेरेंसी का विशेष ध्यान रखा गया है। यहां पब्लिक को सही कीमत पर सही र्इंधन मिलेगा और सरकार को सीधी आमदनी होगी।
जेलों में 135 से अधिक उत्पादों का किया जा रहा निर्माण
कैदी सुधार की दिशा में जेल प्रशासन लगातार सक्रिय है। डीजी अकील ने बताया कि जेलों में 135 से अधिक उत्पादों का निर्माण किया जा रहा है। पुरुष कैदी कंप्यूटर, स्टील, टेलरिंग, कपड़ा बुनाई आदि कामों में लगे हैं, जबकि महिला कैदी टेलरिंग और मेकअप जैसे कार्यों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। महिलाओं के लिए अलग से लाइब्रेरी भी स्थापित की गई है।
इग्नू के साथ मिलकर संचालित किए जा रहे कोर्स
शिक्षा के क्षेत्र में भी हरियाणा जेल प्रशासन सक्रिय है। इग्नू के साथ मिलकर जेलों में तीन प्रकार के कोर्स संचालित किए जा रहे हैं-स्किल डेवलपमेंट कोर्स, आईटीआई कोर्स और डिप्लोमा कोर्स। डीजी ने बताया कि ये कोर्स कैदियों के भविष्य को सुधारने में बड़ी भूमिका निभा रहे हैं।
ये भी पढ़ें : सोनीपत सबसे स्वच्छ शहर, मिलेगा मिनिस्ट्रियल स्टार अवॉर्ड
ये भी पढ़ें : हरियाणा में सीईटी एग्जाम के दिन तीज का पर्व